पटना: गायघाट आश्रय गृह मामले पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बालिका गृह कांड के आरोपियों को इसलिए गिरफ्तार नहीं किया गया है कि क्योंकि इन लोगों को CM नीतीश कुमार का संरक्षण प्राप्त है| आज शाम तेजस्वी यादव ने कहा,,''बालिका गृह कांड को लेकर हम शुरू से ही लड़ाई लड़ रहे हैं। अब फिर इस तरह की घटना 2 दिन पहले हुई, ये काफी निंदनीय है। बालिका गृह कांड के मूंछ वाले, तोंद वाले आरोपी अभी तक नहीं पकड़े गए, इन लोगों को नीतीश कुमार का संरक्षण प्राप्त है|
दरअसल ,बिहार के चर्चित मुजफ्फरपुर आश्रय गृह कांड की तर्ज पर अब पटना के गायघाट उत्तर रक्षा गृह से जुड़ा यौन उत्पीड़न का नया मामला सामने आया है। इससे सियासी बवाल मच गया है। गायघाट आश्रय गृह की एक पीड़ित लड़की का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इसमें वह इस आश्रय गृह से लड़कियों की सप्लाई का आरोप लगा रही है।
पटना गायघाट स्थित उत्तर रक्षा गृह से निकल भागी एक लड़की ने आश्रय गृह की आलमगंज थाना के गायघाट शेल्टर होम की अधीक्षिका शिखा वंदना गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि यहां रह रही लड़कियों को नशे का इंजेक्शन देकर अनैतिक कार्यों में धकेला जाता है। जो लड़की इसमें साथ नहीं देती उसे प्रताड़ित किया जाता है और खाना तक नहीं दिया जाता।
वीडियो में लड़की कह रही है कि रक्षागृह की अधीक्षिका लड़कियों को बाहर भेजती हैं। उनसे अनैतिक कार्य कराया जाता है। रिमांड होम में रहने वाली लड़कियों का शारीरिक-मानसिक शोषण किया जाता है, उन्हें बाहर लोगों के पास भेजा जाता है और बाहर के लोग अंदर आते हैं। लड़की यह भी कहती है कि उसने तंग आकर खुदकुशी का प्रयास किया था। वह इन लोगों के खिलाफ लड़ना चाहती थी, लेकिन उसे किसी का साथ नहीं मिला। उसने बताया कि आश्रय गृह में कई बाहरी लोग आकर लड़कियों को ले जाते थे।
एक युवती द्वारा आरोप लगाया गया है कि वंदना गुप्ता द्वारा लड़कियों को जिंदगी बनाने के नाम पर बाहरी लोगों के साथ भेजा जाता था| उसने वहां की अधीक्षिका पर आरोप लगाया है कि सुधार गृह में लड़कियां कानून की मर्जी से आती हैं और वंदना गुप्ता की मर्जी से ही जाती हैं| हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है|
वहीं, बालिका गृह कांड मामले के तूल पकड़ने के बाद विपक्ष सरकार पर हमलावर हो गया है| राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि 'यह घटना बिहार ही नहीं पूरे देश को झकझोर देने वाली है| मुजफ्फरपुर कांड अभी शांत भी नहीं हुआ है कि राजधानी पटना की बालिका गृह का नया मामला सामने आ गया है| जल्द से जल्द इस मामले की निष्पक्ष जांच करवानी चाहिए| तभी जाकर दूध का दूध और पानी का पानी होगा|
वहीं लोजपा के प्रवक्ता चंदन सिंह ने कहा, 'यह काफी निंदनीय और गंभीर मामला है| इस मामले की जांच टीम गठित कर की जानी चाहिए| तभी जाकर इसकी सत्यता सामने आएगी| जब बालिका गृह में रहने वाली लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं तो आम लड़कियों की बात करना ही बेमानी है|