प्रयागराज में हाईकोर्ट जाते समय एक अधिवक्ता के साथ एक एसआई ने अभद्रता की। आरोप है कि एसआई ने अधिवक्ता को गालियां दीं और पिस्टल निकाल ली।
कोट, बैज फाड़ दिया, मारापीटा और फिर भाग गया। घटना से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने वहीं पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता देख आरोपी एसआई को निलंबित कर दिया।
मूल रूप से कर्वी कोतवाली अंतर्गत खोह गांव निवासी धिरेंद्र सिंह पुत्र भोला सिंह इलाहाबाद उच्च न्यायालय में अधिवक्ता हैं। उन्होंने बताया कि वह मंगलवार को अपनी अधिवक्ता की यूनीफार्म में हाईकोर्ट जा रहे थे।
हिंदू हास्टल चौराहे पर तैनात एसआई अतुल कुमार ने उनको रोककर भद्दी गालियां दीं और पिस्टल निकालते हुए जान से मारने की मंशा से पीटा।
आरोप है कि एसआई ने उनको गाली देते हुए कहा कि भाग जाओ नहीं तो गोली मार देंगे। अधिवक्ता की तहरीर पर कर्नलगंज थाने में एसआई के खिलाफ हत्या के प्रयास, हिंसा के लिए उकसाने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।