प्रयागराज: प्रयागराज के हंडिया के पास राजमार्ग पर भीषण हादसा हो गया। हंडिया टोल प्लाजा के पास एक तेज रफ्तार कार के बिजली के पोल से टकराने से 6 लोगों की मौत और 4 घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय अस्पताल में एडमिट कराया गया है। ये सभी प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र के शिवगढ़ के रहने वाले हैं। ये लोग विंध्याचल दर्शन के लिए जा रहे थे।
यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे हंडिया टोल प्लाजा के पास हुआ । टवेरा कार (यूपी 78 बीक्यू 3601) बिजली के पोल से टकरा गई।हादसे में एक ही परिवार की चार महिलाओं और दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में 70 साल की महिला कृष्णा देवी का सिर धड़ से अलग हो गया। जबकि एक महिला का हाथ कट गया।
मृतकों में 45 वर्षीय रेखा पत्नी संजय अग्रहरी, 32 वर्षीय रेखा पत्नी रमेश, 70 वर्षीय कृष्णा देवी पत्नी श्यामलाल, 36 वर्षीय कविता पत्नी दिनेश, ओजस ( उम्र 1 वर्ष ) पुत्र उमेश अग्रहरि और 12 वर्षीय गोटू पुत्र रमेश शामिल हैं। घायलों में उमेश पुत्र श्यामलाल, प्रिया पत्नी उमेश, ऋषभ पुत्र राम सजीवन अग्रहरि और चालक इरशाद समस्त निवासी शिवगढ़ को उपचार हेतु सीएचसी उपरदहा भेजा गया है। शवों को एंबुलेंस से एसआरएन मर्चरी के लिए भिजवा दिया गया है।
गंगापार SP ने बताया,"सूचना सुबह करीब 6:30 बजे मिली। गाड़ी में 10 लोग सवार थे,वे विंध्याचल की ओर जा रहे थे। घायलों को अस्पताल भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।"
डीएम प्रयागराज संजय झा ने बताया,''अस्पताल में भर्ती हुए 5 लोगों में से एक की मृत्यु हो गई है, मैंने चारों से मुलाकात की है उनकी हालत अब स्थिर है। हमारे डॉक्टर की टीम उनका अच्छे से इलाज कर रही है|
CM योगी ने जनपद प्रयागराज में हुए सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों को उचित उपचार देने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए|