रायबरेली/महराजगंज: उत्तर प्रेदश के रायबरेली जिले में थाना शिवगढ़ क्षेत्र अंतर्गत चंदापुर मोड़ के पास गुरुवार, 25 अगस्त 2022 की रात में एक युवक को दो लोगों ने गोली मार दी गई है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया| युवक की हालत गंभीर है। उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। युवक अपने 3 साथियों के साथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए गया था। इस दौरान उसे गोली मार दी गई। फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है| जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है|
घायल युवक की पहचान बाराबंकी जिले के थाना लोनी कटरा के कान्हूपुर निवासी संत प्रकाश (29) पुत्र लालसा के रूप में हुई है| वह अपने गांव के ही रहने वाले अपने साथियों हरीश चंद्र, नरेश व दर्शन के साथ रायबरेली जिले के डलमऊ घाट पर स्नान करने के लिये आया था।
रात करीब 10 बजे शिवगढ़ थाना क्षेत्र में बांदा-बहराइच मार्ग स्थित चंदापुर मजरे गूढ़ा मोड़ के पास जब युवक पहुंचे तो एक बाइक पर सवार हमलावरों ने असलहों से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और भाग निकले। इस दौरान संत प्रसाद को गोली लग गई, जबकि उसके तीन साथियों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। वारदात की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है|
रायबरेली पुलिस ने बताया कि,"कल 25 अगस्त 2022 को समय रात्रि 9:45 बजे थाना शिवगढ़ क्षेत्र अंतर्गत चंदापुर मोड़ के पास संत प्रकाश पुत्र लालसा निवासी कान्हपुर थाना लोनी कटरा बाराबंकी को उसी के गांव के निवासी 1-आलोक एवं 2-दीपक पुत्रगण छोटेलाल द्वारा जमीन विवाद की पूर्व रंजिश में गोली मारने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्राप्त सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी शिवगढ़ द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया एवं घायल को उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया है।
घायल के चचेरे भाई रामनरेश पुत्र बनवारी निवासी उपरोक्त की तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0-383/2022 धारा-307 भादवि बनाम 1-आलोक एवं 2-दीपक उपरोक्त पंजीकृत किया गया है। दीपक उपरोक्त को शिवगढ़ पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है, दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी हेतु प्रयास किया जा रहा है। अग्रेतर विधिक कार्यवाही प्रचलित है। कानून व्यवस्था संबंधी कोई समस्या नहीं है।
नोट:- वादी/घायल और दोनों आरोपीगण एक ही गांव के निवासी हैं दोनों के बीच मे खरीदी जमीन के पैसे न देने को लेकर विवाद था जिसकी वजह से यह घटना कारित की गयी है। पीड़ित व्यक्ति को कावड़िया बताने की खबर भ्रामक है। पीड़ित अपने तीन अन्य साथियों के साथ डलमऊ घाट पर स्नान के लिये जा रहा था।