सुकमा/नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर और सुकमा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में शनिवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान 22 जवान शहीद हो गए जबकि कुछ जवान अभी भी लापता बताये जा रहे है| छत्तीसगढ़ के सुकमा-बीजापुर बॉर्डर में हुए नक्सली हमले में 22 सुरक्षाकर्मियों की जान चली गई।
छत्तीसगढ़ के सुकमा में हुए नक्सली हमले में 14 शव बरामद किए गए हैं। वहीं करीब एक दर्जन जवान जख्मी हैं| छत्तीसगढ़ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मुठभेड़ में कई नक्सली भी मारे गए हैं| छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुकमा में नक्सलियों से मुठभेड़ में घायल हुए जवानों को बेहतर इलाज की सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं|
छत्तीसगढ़ में हुई मुठभेड़ के बाद नक्सलियों ने सुरक्षाकर्मियों से दो दर्जन से ज़्यादा हथियार लूटे| CRPF के सूत्रों ने यह जानकारी दी है| इससे पहले एक अधिकारी ने बताया,''सुकमा में हुए नक्सली हमले में 31 घायलों में से 16 घायल जवान CRPF के हैं और 21 लापता जवानों में से 7 जवान CRPF के हैं।
सुकमा में हुए नक्सली हमले पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा,''लगातार 4 घंटे तक फायरिंग हुई है, नक्सलियों को बड़ा नुकसान हुआ है। जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। 7 घायलों को रायपुर शिफ्ट किया गया है वो खतरे से बाहर हैं। क़रीब 21 जवान लापता हैं, उनके रेस्क्यू के लिए टीम गई है|
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने छत्तीसगढ़ के सुकमा में हुए नक्सली हमले पर दुख जताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
गृह मंत्री अमित शाह ने कल सुकमा-बीजापुर बॉर्डर पर सुरक्षा बलों पर हुए नक्सली हमले को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से बात की। गृह मंत्री ने स्थिति का जायजा लेने के लिए सीआरपीएफ के महानिदेशक को राज्य में जाने के लिए कहा है|गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री से कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर नक्सली हिंसा की लड़ाई को अवश्य जीतेंगे और केंद्र सरकार की तरफ से जो भी आवश्यक मदद होगी वो राज्य सरकार को दी जायेगी|
डीआईजी(नक्सल ऑपरेशन) ओ.पी. पाल ने बताया था, सुकमा बीजापुर की सीमा पर जूनागढ़ गांव में नक्सलियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच मुठभेड़ हुई। एक महिला नक्सली का शव मिला है। नक्सलियों को काफी क्षति होने की ख़बर है|