रायपुर: जम्मू और कश्मीर के शोपियां में आतंकी हमले में कश्मीरी पंडित सुनील कुमार की हुई मौत पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, कश्मीर में जो घटना घटी है उसकी मैं निंदा करता हूं। कश्मीर में कश्मीरी पंडित सुरक्षित नहीं है। पहले भी जम्मू में रहने वाले वहां के कर्मचारी और दूसरे प्रदेश के लोगों ने प्रदर्शन किए थे। भारत सरकार उन्हें सुरक्षा नहीं दे पा रही है|
जम्मू और कश्मीर के शोपियां के छोटेपोरा इलाके में एक सेब के बाग में आतंकवादियों ने एक स्थानीय कश्मीरी पंडित की हत्या कर दी और उसके भाई को भी घायल कर दिया| मृतक की पहचान 45 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई है, जबकि उसके भाई की पहचान पिंटू कुमार के रूप में हुई है। हमलावरों को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।
शोपियां में दो कश्मीरी पंडितों पर आतंकियों ने बरसाई गोलियां , एक की मौत, दूसरा घायल
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कश्मीरी पंडित सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा, "पीएम मोदी द्वारा भाजपा के नियुक्त उपराज्यपाल और प्रशासन असफल हैं। कश्मीरी पंडित असुरक्षित हैं, अनुच्छेद 370 को यह कहकर हटा दिया गया था कि वे सुरक्षित रहेंगे। इसका जवाब प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और भाजपा को देना चाहिए। सभी कश्मीरी पंडित डर के साए में जी रहे हैं।"