जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान विधानसभा में बजट 2023-24 पेश किया। बजट की शुरुआत करते ही अशोक गहलोत ने गलती से पिछले साल के बजट का कुछ अंश पढ़ने दिया| हालांकि थोड़ी देर बाद मुख्यमंत्री ने सुधार किया। इसको लेकर बीजेपी ने विधानसभा में हंगामा शुरू कर दिया। विधानसभा में पुराने बजट का कुछ अंश पढ़ने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, “ मानव त्रुटि से एक पेज लग गया था, उसी वक्त मैंने सॉरी महसूस किया जब मैंने अपने भाषण को रोका| ये नई बात नहीं है जब वसुंधरा जी मुख्यमंत्री थी, कुछ आंकड़े गलत आ गए थे, उन्होंने भी संशोधन कराया था|
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, “भाजपा सिर्फ़ यह दिखाना चाहती है कि वह राजस्थान के विकास और तरक्की के खिलाफ ??ै। इनका मन-गढ़ंत आरोप कि बजट लीक हो गया यह दर्शाता है कि बजट को भी यह अपनी ओछी राजनीति से नहीं छोड़ेंगे। 'बचत, राहत, बढ़त' में एक ही बाधा है - भाजपा।
मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा, “BJP चाहती है कि गरीबों का सिलेंडर 1000 रु से बढ़कर 2000 रु का हो जाए। मेरी सरकार ने आज बजट में उज्ज्वला गैस सिलेंडर 500 रु का कर दिया है। भाजपा निराधार व व्यर्थ की बातें कर रही है क्योंकि इनको ये पसंद नहीं है कि गरीब आदमी पर महंगाई की मार कम हो। भाजपा = महंगाई कांग्रेस = बचत
विधानसभा में बजट 2023-24 पेश करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, “कोविड से उत्पन्न विषम परिस्थितियों के बावजूद 80% से अधिक जन घोषणाओं तथा बजट घोषणा बिन्दुओं में से 85% से अधिक को हमने धरातल पर उतारने का प्रयास किया है| CM गहलोत ने कहा, “शहरों में भी रोज़गार सुनिश्चित करने के लिए इंदिरा गांधी शहरी रोज़गार गारंटी योजना लागू करने की घोषणा करता हूं। इसपर लगभग 800 करोड़ रुपए खर्च होंगे|
अशोक गहलोत ने कहा, “कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज में लाखों रुपए लग जाते हैं लेकिन जान बच जाती है। भाजपा चाहती है कि सिर्फ अमीर आदमी अपना इलाज करा सके। हमनें आज राजस्थान में सभी को 25 लाख रु का चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा देने का एलान किया है। यह भी भाजपा को बुरा लग रहा है।
विधानसभा को अपमानित किया: पुराने बजट का कुछ अंश पढ़ने पर भाजपा विधायक
पुराने बजट का कुछ अंश पढ़ने पर भाजपा विधायक राजेंद्र राठौर ने कहा, “राजस्थान की विधानसभा आज कलंकित हुई है। इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि जो बजट पढ़ा जाना था उसकी बजाय पूर्व के बजट का पठन करके विधानसभा को अपमानित किया गया|