संतकबीरनगर: संतकबीरनगर में डीएम और निर्वाचन आयोग ने एक ग्राम प्रधान को उसके पद से हटा दिया है। डीएम दिव्या मित्तल ने सेमरियावां ब्लॉक की ग्राम पंचायत रजापुर सरैया के ग्राम प्रधान श्याम सुंदर को पद से हटा दिया है। श्याम सुंदर पर फर्जी जाति प्रमाणपत्र बनवाने का आरोप लगा था, जोकि जांच में सही पाया गया। जिसकी शिकायत गांव वालों द्वारा की गई थी। इसके बाद जब अधिकारियों ने प्रधान से कागजात मांगे तो वह सही कागज नहीं दिखा सका। जिसके बाद प्रशासन ने उसे पद से हटा दिया।
जानकारी के अनुसार,, जिले के रजापुर सरैया से प्रधानी चुनाव में श्यामसुंदर अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र बनवाकर वह सेमरियावां ब्लाक के ग्राम पंचायत रजापुर के प्रधान बने थे। गांव के अनिकेत मणि पांडे ने इस पूरे मामले की शिकायत डीएम व राज्य निर्वाचन आयोग से कर दी थी। डीएम दिव्या मित्तल ने कमेटी गठित की थी। कमेटी की जांच में शिकायत सही पाई गई। इस पर डीएम ने श्यामसुंदर प्रधान पद से हटाने की यह कार्रवाई की है।
पत्र के माध्यम से इसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके गांव के श्यामसुंदर गौड़ कहार जाति के हैं। वह राजस्व लेखपाल से मिलकर अपना व अपने भाई वीरेंद्र कुमार की पत्नी संजू देवी का अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र बनवा लिया है और वे इन्हीं फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर प्रधान बन गए। शिकायतकर्ता ने अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र और प्रधान पद के लिए किए गए आवेदन को निरस्त करते हुए कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। इस पर जाति प्रमाण पत्र के सत्यापन के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व मनोज कुमार सिंह, एसडीएम खलीलाबाद नवीन चंद्र श्रीवास्तव, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार की कमेटी गठित कर दी गई थी।
कमेटी ने 22 जून 2021 को बैठक की थी। इस बैठक में डीएम व कमेटी के सदस्यों ने जाति प्रमाण पत्र का सत्यापन किया था। समिति ने यह निष्कर्ष निकाला कि शिकायतकर्ता ने अपने दावे को सिद्ध करने के लिए सबल प्रमाण उपलब्ध कराया है। वहीं दूसरे पक्ष के श्यामसुंदर अनुसूचित जाति का होने से संबंधित ठोस प्रमाण पेश नहीं कर सके। इस पर इनका अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र निरस्त करते हुए चार दिसंबर 2021 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इस पर श्यामसुंदर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। डीएम दिव्या मित्तल ने बताया कि सेमरियावां ब्लाक के ग्राम पंचायत रजापुर सरैया के श्यामसुंदर को प्रधान पद से हटाने का निर्देश दिया गया है।