सारंगढ़-बिलाईगढ़: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के टिमरलगा में एक दर्दनाक हादसा हो गया| यहाँ एक कार पानी से भरे 25 फीट गहरे पत्थर के खदान में जा गिरी। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। गुरुवार/शुक्रवार रात टिमरलगा में पानी से भरी खदान में कार डूबने से एक परिवार के 4 लोगों की मृत्यु हुई। जबकि एक 15 साल की लड़की तैरकर किसी तरह बाहर निकल आई है|
जानकारी के मुताबिक, ग्राम टिमरलगा के रहने वाले महेंद्र पटेल अपने माता-पिता एवं अपनी पत्नी मीनू पटेल और 15 वर्षीय बेटी रोशनी के साथ गुरुवार को ओड़िशा की ओर गए थे। वापस आने के दौरान देर रात टिमरलगा गांव के पास ही कार अनियंत्रित होकर पानी से भरे पत्थर खदान में गिर गई| इस घटना के बाद सरपंच मीनू पटेल की बेटी कार से बाहर निकल जाने की वजह से सलामत बच गयी। वहीं बाकी चार लोगों की पानी में डूबने से मौत हो गई। सारंगढ़ पुलिस मौके पर पंहुच कार को बाहर निकली और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया|
थाना प्रभारी विजय चौधरी ने कहा,"रात में सूचना मिली कि एक खदान जिसमें पानी भरा है उसमें एक गाड़ी गिर गई है। सुबह गाड़ी को बाहर निकाला गया जिसमें से 4 शव बरामद हुए हैं। जांच जारी है।"
छत्तीसगढ़ की राज्यपाल ने हादसे पर दुख जताया है| राज्यपाल ने ट्वीट किया,''सारंगढ़ - बिलाईगढ़ जिला स्थित ग्राम टिमरलगा में कार के पत्थर खदान में गिरने से एक परिवार के 4 लोगों के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की सद्गति एवं घायल बच्ची के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मृत्यु पर गहरा दुःख प्रकट किया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सारंगढ़ तहसील के टिमरलगा गांव में बीती रात सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मृत्यु की घटना पर गहरा दुःख प्रकट किया है। ग्राम टिमरलगा में कार अनियंत्रित होकर बंद पड़ी खदान, जिसमें लगभग 20 से 25 फीट पानी भरा था, गिरने से यह दःुखद घटना घटी।
प्रति मृत सदस्य चार-चार लाख रूपए की मुआवजा राशि
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और इस घटना में परिवार की घायल बेटी को अच्छी से अच्छी इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश जिला प्रशासन के अधिकारियों को दिये हैैं। राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के तहत इस घटना में मृत प्रति सदस्य चार-चार लाख रूपए की मुआवजा राशि मृतकों के परिजनों को दी जाएगी।