जलालाबाद-अल्हागंज हाईवे पर राजकिराया गांव की मोड के सामने सड़क पार कर ससुराल जा रहे ग्रामीण की रोडवेज की बस से कुचल कर मौत हो गई।
चालक बस को दुर्घटना स्थल से 20 मीटर की दूरी पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फर्रुखाबाद के गांव अमहटी निवासी महेंद्र कुमार पुत्र सरनाम कुशवाहा की शादी 16 वर्ष पहले अल्हागंज के गांव राजकिराया निवासी साधू कुशवाहा की पुत्री अनूपा के साथ हुई थी।
साधू गल्ला मंडी में श्रमिक है। बुधवार को महेंद्र अपनी ससुराल जाने के लिए बस से अल्हागंज रोडवेज स्टेशन पर उतरा और राज किराया गांव जाने के लिए ई-रिक्शा पर सवार होकर गांव की मोड़ के पास उतरा।
जैसे ही ससुराल जाने के लिए सड़क पार की, इसी दौरान जलालाबाद की तरफ से आ रही फर्रुखाबाद डिपो की बस ने उसे सामने से टक्कर मार दी।
बस का पहिया सिर के ऊपर से निकल जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने रोड जाम कर दिया। जिससे करीब दो घंटा तक कांट-शाहजहांपुर मार्ग पर लोग जाम में फंसे रहे।
इस दौरान गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर बमुश्किल जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।