सिरसा: हरियाणा के सिरसा में आज दिन दहाड़े फायरिंग हुई है| फायरिंग की घटना में 2 लोगों की मौत और 2 घायल हुए हैं। घायलों को सिरसा के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला गैंगवार का बताया जा रहा है। फिलहाल अभी तक घटना के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने घटनास्थल से एक स्कार्पियो गाड़ी जब्त की है।
सिरसा के मंडी कालांवाली में सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे के गाड़ी में सवार होकर आए कुछ लोगों ने स्कॉर्पियो गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।फायरिंग में 2 व्यक्तियों की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हुए हैं। मृतकों में कालांवाली निवासी दीपक पुत्र सीताराम और दीपू पुत्र इकबाल सिंह शामिल हैं। इन दोनों पर कई आपराधिक केस दर्ज थे।
स्कॉर्पियो में कालांवाली निवासी दीपू, दीपक, काला और जग्गा सवार थे और वे कालांवाली मंडी से जक्खू की तरफ जा रहे थे। गाड़ी में सवार होकर आए हमलावरों ने स्कॉर्पियो काे रोक कर फायरिंग शुरू कर दी। दीपक व दीपू को गोली लगी और उनकी मौत हो गई। जबकि काला व जग्गा घायल हो गए।
घटना की सूचना के बाद कालांवाली के डीएसपी यादराम और थाना प्रभारी रामफल मौके पर पहुंचे। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
सिरसा के अर्पित जैन ने बताया,''एसपी जिले के कालांवाली क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में 2 लोगों की मौत और 2 घायल हुए हैं। अपराधियों की गिरफ्तारी शीघ्र ही किया जाएगा। पुरानी रंजिश का मामला लग रहा है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, आगे की जांच की जा रही है|