नई दिल्ली: कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने आगामी त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए 17 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। अगरतला के विधायक सुदीप रॉय बर्मन को पार्टी ने एक बार फिर से अगरतला से ही उम्मीदवार बनाया है। वहीं टाउन बार्दोवाली सीट से सीएम माणिक साहा के सामने आशीष कुमार साहा को ही उम्मीदवार बनाया गया है।कांग्रेस इस बार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के साथ गठबंधन कर राज्य में विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है।
कांग्रेस पार्टी की ओर से जारी पहली सूची के अनुसार, मोहनपुर विधानसभा सीट से प्रसांता सेन चौधरी, बरजाला सीट से सिस्ता मोहन दास, अगरतला से सुदीप रॉय बर्मन , टाउन बोर्डोवाली से आशीष कुमारा साहा और बनमालीपुर विधानसभा सीट से गोपाल राय चुनाव लड़ेंगे।
इसके अलावा, केशव सरकार को मजलिसपुर विधानसभा सीट से; राज कुमार सरकार को बधारघाट सीट से, सुसांता चक्रवर्ती को सूर्यमणिनगर सीट से; अशोक देबबर्मा को चारिलम सीट से, अशोक कुमार बैध्या को तेलियामूरा सीट से, टिटन पाल को राधाकिशोरपुर सीट से, प्रंजीत रॉय को मातरबारी सीट से, रूबी गोप को कमलपुर सीट से, दीबा चंद्रा को कर्मचार सीट से, सत्यबन दास को पबियाछारा सीट से, बिराजीत सिन्हा को कैलाशहर सीट से और चयन भट्टाचार्यजी को सीट से धर्मनगर टिकट दिया गया है।
त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 40 स्टार प्रचारकों की भी सूची जारी कर दी है। इस सूची में सूची में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद राहुल गांधी, महासचिव प्रियांका गांधी, प्रदेश प्रभारी अजय कुमार, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल, अधीर रंजन चौधरी, मुकुल वासनिक, हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, सुदीप रॉय बर्मन, अब्दुल खालिक, सचिन पायलट, मोहम्मद अजहरुद्दीन, अरविंदर सिंह लवली, दीपा दास मुंशी, विजेंद्र सिंह, बी.वी.श्रीनिवास, नेट्टा डिसूजा और अन्य शामिल हैं।
बता दें कि , त्रिपुरा में 60 विधानसभा सीटों पर 16 फरवरी को मतदान होने जा रहा है और यहां दो मार्च को नतीजे आएंगे। नामांकन की अंतिम तारीख 30 जनवरी है। उम्मीदवारों की दी गई जानकारी यानी नॉमिनेशन की जांच 31 जनवरी को होगी