थाना कलवारी क्षेत्र के ग्राम छरदही में बीती रात चोरी की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे दो चोरों की किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। रामजानकी मार्ग पर तेज रफ्तार से भागते समय उनकी मोटरसाइकिल थाना सीमा बोर्ड से टकरा गई। हादसे में दोनों चोर सड़क पर गिर पड़े और ग्रामीणों ने मौके पर ही धर दबोचा।
ग्रामीण रामेन्द्र दुबे ने बताया कि उनके खेत में सिंचाई के लिए लगाया गया पानी का मोटर चोरों ने उखाड़ लिया था। मोटरसाइकिल से फरार होते ही वे हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर गांव के भोला पुत्र मेवालाल और शिवम दुबे पुत्र आनंद दुबे पहुंचे और दोनों को मोटर समेत पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राहुल पुत्र विश्वनाथ और गोविंद पुत्र रामरेखा, निवासी परेवा, थाना लालगंज जनपद बस्ती बताया। मौके से चोरी किया गया मोटर और मोटरसाइकिल (UP58 AF9717) बरामद हुई। दोनों आरोपियों को टक्कर के कारण हल्की चोटें आईं।
रामेन्द्र दुबे ने दोनों चोरों को बरामद सामान सहित थाने में सुपुर्द करते हुए लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से चोरी की बड़ी वारदात विफल हो गई।
Powered by Froala Editor