ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में गोबिंदसागर झील में डूबने से 7 युवकों की मौत हो गई। सभी मृतक पंजाब के रहने वाले थे और 2 युवक एक ही परिवार के थे। पंजाब के मोहाली के बनूड के रहने वाले 11 लोग हिमाचल प्रदेश घूमने आए थे| सोमवार दोपहर ऊना जिले में बाबा गरीबनाथ मंदिर के पास गोबिंद सागर झील में 11 में से सात पर्यटक लापता हो गए।
जिसके बाद पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचे| तलाशी अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद सभी शव बरामद किए गए| मृतकों की पहचान पवन कुमार (35), रमन कुमार (19), लाभ सिंह (17), लखवीर सिंह (16), अरुण (14), विशाल कुमार (18) और शिवा (16) के रूप में हुई है। रमन कुमार और लाभ सिंह एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
ऊना के SP अरिजीत सेन ने बताया कि,"जिले में बाबा गरीबनाथ मंदिर के पास गोबिंद सागर झील में सभी 7 लापता लोगों के शव बरामद हुए हैं। उनके परिवारों को सूचित कर दिया गया है|
ऊना पुलिस के मुताबिक,' गांव कोलका बाबा गरीब दास मंदिर के पास गोविंद झील में करीब 3.50 बजे यह हादसा हुआ। झील में सभी 11 लोग नहाने के लिए झील में उतर गये थे। पानी की गहराई का अंदाजा न चल पाने से हादसा हुआ है। चीख पुकार सुनकर स्थानीय लोगों 4 लोगों की किसी तरह से बचा लिया। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और शवों की तलाश शुरू की। गोताखोर झील में उतरे जिसके बाद सभी शव बरामद हुए।