उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के थाना बांगरमऊ के ग्राम भिखारीपुर रुल्ल में 13 वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या कर दी गई। नाबालिग लड़की का शव रेलवे लाइन के किनारे खून से लथपथ पड़ा मिला। लड़की की मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है |
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है| लड़की की हत्या मामले में नामजद लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने बच्चन व संतोष, रीना और उसके दो भाई राजू व राजेश के खिलाफ अपहरण और हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
जानकारी के मुताबिक, 'बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव भिखारीपुर रुल्ल निवासी ध्रुव कुमार की 13 वर्षीय बेटी सोनम रविवार रात नौ बजे घर की छत पर पहुंची और अचानक लापता हो गई। खोजबीन के बाद भी उसका पता न लगने पर पुलिस को सूचना दी गई थी। सोमवार सुबह गांव से एक किमी दूर रेलवे पटरी के किनारे उसका खून से लथपथ शव मिला।
ASP शशि शेखर सिंह ने कहा,''ग्राम भिखारीपुर में 13 वर्ष की लड़की की हत्या का मामला सामने आया है। मामले में FIR दर्ज़ कर ली गई है। नामजद लोगों की गिरफ़्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है और दोषी को गिरफ़्तार कर कानूनी कार्रवाई करेगी|