लखनऊ: 2022 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में शहरों और जिलों का नाम बदलने का सिलसिला एक बार फिर जोर पकड़ता दिख रहा है। अब यूपी के अलीगढ़ और मैनपुरी का नाम भी बदला जाएगा। अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ और मैनपुरी को मयन नगर करने का प्रस्ताव दोनों जगह जिला पंचायत की बैठक में पास कर दिया गया है। प्रस्ताव पर अंतिम मुहर शासन स्तर से लगेगी और वहीं से आगे की प्रक्रिया का प्रावधान है। अभी हाल ही में फिरोजाबाद का नाम बदलकर चंद्रनगर करने का प्रस्ताव भी पारित हो चुका है।
अपर मुख्य अधिकारी ज़िला पंचायत अलीगढ़ मनोज शर्मा कल बोर्ड की बैठक में हवाई अड्डे का नाम कल्याण सिंह के नाम पर रखने और अलीगढ़ का नाम 'हरिगढ़' करने का प्रस्ताव दिया है। प्रस्ताव ब्लॉक प्रमुखों ने दिया। इनकी मांग पंचायती विभाग को भेजेंगे, आगे की कार्यवाही नियमानुसार वहीं से होगी|
अलीगढ़ में जिला पंचायत बोर्ड की हुई मीटिंग में केहरी सिंह और उमेश यादव ने अलीगढ़ का नाम बदलकर 'हरिगढ़' रखने का प्रस्ताव रखा था, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पास कर दिया|
वहीं, मैनपुरी में भी जिला पंचायत के सदस्यों ने मयन ऋषि की तपोभूमि होने के चलते मैनपुरी का नाम मयन नगर रखने का प्रस्ताव रखा| बैठक के दौरान मैनपुरी का नाम बदले जाने को लेकर कुछ जिला पंचायत सदस्यों की ओर से विरोध भी किया गया|
अलीगढ़ में इस वक्त पूर्व यूपी सीएम कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह राजू की समधन विजय सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष हैं| वहीं, मैनपुरी जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पहली बार बीजेपी के पास आई है| अभी तक वहां सपा का ही कब्जा रहता था|