लखनऊ: कांग्रेस ने मंगलवार को 4 प्रत्याशियों की सूची जारी की। इसमें कानपुर की कल्याणपुर सीट से खुशी दुबे की मां की जगह उनकी बहन नेहा तिवारी को टिकट दिया गया है। इसके अलावा पीलीभीत से शकील अहमद नूरी, शाहबाद से अजीमुश्हान, तिंदुआरी से आदिशक्ति दीक्षित को टिकट दिया गया है।
बता दें कि सोमवार को कांग्रेस ने कल्याणपुर से खुशी दुबे की मां गायत्री तिवारी को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन अब खुशी की मां का नाम वोटर लिस्ट में ना होने के चलते खुशी की बहन नेहा तिवारी कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में होंगी। नेहा तिवारी ने मंगलवार सुबह कचहरी पहुंच कर नामांकन पत्र भी दाखिल कर दिया है।
बिकरु कांड की सह आरोपी बनाई गई खुशी की बहन नेहा तिवारी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी। सोमवार को कांग्रेस नेतृत्व ने खुशी की मां के नाम पर मोहर लगाई थी, लेकिन गायत्री का नाम वोटर लिस्ट में ना होने से अब वे चुनाव नहीं लड़ पाएंगी। ऐसे में कांग्रेस ने खुशी की बहन नेहा तिवारी को इस सीट पर चेहरा बनाया है।
नामांकन के अंतिम दिन खुशी की बहन नेहा तिवारी समर्थकों संग नामांकन कराने पहुंची। उन्होंने सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए नामांकन दाखिल किया। उन्होंने प्रियंका गांधी का शुक्रिया अदा किया। नेहा ने कहा कि न्याय के लिये इस लड़ाई में प्रियंका गांधी हमारे साथ हैं।
सूची
पीलीभीत से शकील अहमद नूरी को दिया टिकट।
शाहाबाद से अजीमुशान कांग्रेस प्रत्याशी।
कल्याणपुर से नेहा तिवारी कांग्रेस प्रत्याशी।
तिंदवारी से आदिशक्ति दीक्षित को टिकट