नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशियों के नाम पर विचार के लिए भारतीय जनता पार्टी की बैठक खत्म हो गई है| दिल्ली में आज भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 172 सीटों पर चर्चा हुई है। वर्चुअली हुई इस बैठक के बाद यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस बारे में जानकारी दी। मौर्य ने इसके साथ ही कहा कि भाजपा यूपी में फिर से जीत दोहराएगी।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा,'आज केंद्रीय चुनाव समिति की UP को लेकर बैठक संपन्न हुई। बैठक में 172 विधानसभा सीटों को लेकर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने की। BJP ने 2017 में जैसी विजय प्राप्त की थी, 2022 में उससे भी शानदार विजय प्राप्त करेंगे|
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में अपना दल और निषाद पार्टी दोनों को 15 से 17 सीटें देने पर सहमति बनी है। कल लखनऊ में गठबंधन का ऐलान हो सकता है।
बैठक के दौरान CM योगी आदित्यनाथ, अमित शाह, अनुराग ठाकुर और स्वतंत्र देव सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह और धर्मेंद्र प्रधान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शिरकत की।