देहरादून: खटीमा से भारतीय जनता पार्टी के विधायक पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के रूप में आज (रविवार) शपथ ली| धामी ने राज्य के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है| मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पुष्कर सिंह धामी ने आज शाम 8 बजे देहरादून में पहली कैबिनेट बैठक की|
5 साल में तीन मुख्यमंत्री बदलने से चुनाव पर असर होने के सवाल पर पुष्कर सिंह धामी ने कहा,''कोई असर नहीं होगा। उत्तराखंड में हमारी केंद्र और राज्य सरकार ने बहुत काम किए हैं, उनको हम जनता के बीच ले जाएंगे|
कैबिनेट मीटिंग पर पुष्कर सिंह धामी ने कहा,'' आज कैबिनेट की बैठक केवल परिचय के लिए है| उत्तराखंड की जनता की सेवा करने के लिए मेरी पार्टी ने मुझे जो दायित्व दिया है, मैं उस पर खरा उतरने का काम करूंगा।
धामी ने कहा,''हमारे यहां जो पोस्ट खाली हैं, हम उन्हें भरेंगे और नौजवानों को रोजगार से जोड़ने का काम करेंगे। मैं यहां की समस्याओं को भलीभांति जानता हूं, समस्याओं के समाधान के लिए लोगों के बीच जाऊंगा। पर्यटन को खोलना और चारधाम यात्रा चलाना प्रदेश के लिए नितांत जरूरी है|