वाराणसी: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को वाराणसी में विरोध का सामना करना पड़ा है| वाराणसी में भाजपा- हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने ममता बनर्जी का काफिला रोकने की कोशिश की और नारेबाजी की| इस दौरान काले झंडे भी दिखाए गए हैं| विरोध के बाद सीएम ममता बनर्जी ने भी कहा कि वह डरने वाली नहीं हैं|
यह घटना उस समय हुई जब ममता बनर्जी गंगा आरती देखने के लिए चेतगंज होते हुए दशाश्वमेध घाट जा रही थीं। दशाश्वमेध घाट पहुंचने से पहले ममता बनर्जी को गोदौलिया पर काले झंडे दिखाए गए। उससे पहले चेतगंज में भाजपा-हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था।
चेतगंज में विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी के दौरान ममता बनर्जी वाहन से उतर कर सड़क पर तनकर खड़ी हो गईं। विरोध के बाद सीएम ममता बनर्जी ने भी कहा कि वह डरने वाली नहीं हैं, न ही भागने वाली हैं।
दशाश्वमेध घाट पर भी भाजपा समर्थकों ने ममता बनर्जी को देखते ही जमकर नारेबाजी की। आरती समाप्त होने के बाद ममता बनर्जी दशाश्वमेध घाट से निकलीं तो एक बार फिर भाजपा समर्थकों ने उन्हें देख कर जमकर नारेबाजी की।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समाजवादी पार्टी के प्रचार के लिए बुधवार की शाम को बनारस पहुंचीं। गुरुवार को समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित जनसभा को ममता, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी संबोधित करेंगे। गुरुवार को ही ममता बनर्जी काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगी। इसके बाद वह वापस कोलकाता लौट जाएंगी।