वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, "करोड़ों रूपए के प्रोजेक्ट का काम जारी है। हमारा विकास काशी को और ज्यादा गतिशील, प्रगतिशील और संवेदनशील बनाने का है। काशी का आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर काशी को गतिशील बना रहा है| 2014 में आने के बाद काशी में बाहर से आने वाले लोग सवाल करते थे कि यहां इतना कुछ अव्यवस्थित है ये कैसे ठीक होगा। काशी हमेशा से जीवंत, निरंतर प्रवाहमान रही है। अब काशी ने एक तस्वीर पूरे देश को दिखाई है जिसमें विरासत भी है और विकास भी है|
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,''काशी की पहचान यहां की गलियां और घाटों को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित बनाना हो, या फिर गंगा जी को निर्मल बनाने का संकल्प हो इस पर भी तेज़ गति से काम चल रहा है| उन्होंने कहा, "आज जिस स्टेडियम (डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम) पर हम जनसभा कर रहे हैं वो बहुत ही जल्द विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस होने वाला है। 6 दशक पहले बने इस स्टेडियम में 21वीं सदी की सुविधाएं तैयार की जाएगी|
मोदी ने कहा,'काशी के जागरूक नागरिकों ने जिस तरह देश को दिशा देने वाला काम किया है, उसे देखकर मैं आनंदित हूं। काशी के नागरिकों ने पूरे देश को संदेश दे दिया है कि शॉर्ट-कट से देश का भला नहीं हो सकता| सावन बहुत दूर नहीं है। देश और दुनिया से बाबा भक्त भारी संख्या में काशी आने वाले हैं। विश्वनाथ धाम परियोजना पूरी होने के बाद ये पहला सावन उत्सव होगा। विश्वनाथ धाम को लेकर पूरी दुनिया में कितना उत्साह है ये आपने बीते महीनों में खुद अनुभव किया है|
उन्होंने कहा, "हमारे लिए विकास का अर्थ सिर्फ चमक-धमक नहीं है। हमारे लिए विकास का अर्थ है गरीब, दलित, वंचित, पिछड़े, आदिवासी, माताएं-बहनें, सबका सशक्तिकरण| हमारी सरकार ने हमेशा गरीब की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया है, उसके सुख-दुख में साथ देने का प्रयास किया है। कोरोना की मुफ्त वैक्सीन से लेकर गरीबों को मुफ्त राशन की व्यवस्था तक, सरकार ने आपकी सेवा का कोई अवसर छोड़ा नहीं है|
उन्होंने कहा,एक तरफ हम देश के शहरों को धुआं मुक्त करने के लिए CNG से चलने वाली गाड़ियों के लिए सुविधाओ का विस्तार कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ हम गंगा जी का ध्यान रखने वाले हमारे नाविकों की डीजल और पेट्रोल से चलने वाली नावों को CNG से जोड़ने का भी विकल्प दे रहे हैं|