Russia-Ukraine War Day 11: यूक्रेन और रूस के बीच 24 फरवरी को शुरू हुई जंग को दस दिन बीत चुके हैं। आज इस युद्ध का 11वां दिन है। राजधानी कीव, खार्किव समेत अन्य शहरों में रूसी हमले जारी हैं। इसके चलते यूक्रेन के गैस ट्रांसमिशन सिस्टम के 16 गैस सप्लाई स्टेशनों को बंद किया गया है। वहीं, यूक्रेन की सेना ने दावा किया है कि रूसी सैनिक कीव से लगभग 100 किलोमीटर दक्षिण में कनिव हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्लांट की ओर कूच कर रहे हैं।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने धमकी दी है कि अगर यूक्रेन नहीं झुका, तो उसका नामोनिशान मिटा देंगे। जवाब में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमीर जेलेंस्की ने कहा है कि हम आजादी के लिए लड़ेंगे और किसी के सामने नहीं झुकेंगे।
यूक्रेन पर हमले का 11वां दिन LIVE
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि ,खारकीव, पिसोचिन में हुआ इवैक्यूएशन हो या अभी सुमी में चल रहा इवैक्यूएशन हो, इसमें भारत सरकार की प्रतिबद्धता और अपने सभी संसाधन लगाने पर कोई संशय नहीं है| लेकिन जब हम युद्ध क्षेत्र में इवैक्यूएशन कर रहे होते हैं तो उसमें कुछ सीमाएं होती हैं जिनका हम अंदाजा नहीं लगा सकते। अगर हम इवैक्यूएशन प्रक्रिया को अगले कुछ दिन में पूरा कर लेते हैं तो हम लगभग 23,000 लोगों को निकालने का काम पूरा कर लेंगे|
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि ,''50 लोगों की क्षमता वाली 4 बसें पोल्टावा के रास्ते में हैं, बाकी छात्रों के लिए भी लॉजिस्टिक इंतजाम किए जा रहे हैं|
सुमी में फंसे छात्रों को पश्चिमी सीमाओं तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए भारतीय दूतावास की टीम पोल्टावा शहर में तैनात
सुमी में फंसे भारतीय छात्रों को पोल्टावा के रास्ते पश्चिमी सीमाओं तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए भारतीय दूतावास की एक टीम पोल्टावा शहर में तैनात है: यूक्रेन में भारतीय दूतावास
यूक्रेन में फंसी उधमपुर की छात्रा पारुल महाजन ने घर पहुंचकर परिवारजनों के साथ खुशियां मनाईं
जम्मू-कश्मीर: यूक्रेन में फंसी उधमपुर की छात्रा पारुल महाजन ने अपने घर पहुंचकर परिवारजनों के साथ खुशियां मनाईं। उन्होंने बताया, "हम लोग 5 दिन तक बंकर में रहे। ठंड में बहुत परेशानी हो रही थी। हमें वहां से भारत लाने के लिए मैं प्रधानमंत्री सहित केंद्र सरकार का धन्यवाद करतीं हूं।"
पुतिन ने यूक्रेन के मारियुपोल से नागरिकों को निकालने में विफल रहने के लिए 'कीव' को ठहराया दोषी
क्रेमलिन ने रविवार को कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने फ्रांसीसी समकक्ष इमैनुएल मैक्रोन के साथ एक टेलीफोन कॉल में यूक्रेन के प्रमुख बंदरगाह शहर मारियुपोल से नागरिकों को निकालने में विफल रहने के लिए कीव को दोषी ठहराया|
रूस के सैन्य अभियान को तभी निलंबित किया जा सकता है जब कीव सैन्य कार्रवाई बंद कर दें...:
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन में रूस के सैन्य अभियान को तभी निलंबित किया जा सकता है, जब कीव सैन्य कार्रवाई बंद कर दें और अपने तुर्की समकक्ष रेसेप तईप एर्दोगन के साथ फोन पर बातचीत में मास्को की मांगों को पूरा करें: रूसी समाचार एजेंसी TASS
रूस ने विन्नित्सिया के हवाई अड्डे को पूरी तरह से किया नष्ट
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा हैं कि रूस के रॉकेटों ने रविवार को मध्य-पश्चिमी क्षेत्र की राजधानी विन्नित्सिया के नागरिक हवाई अड्डे को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है|
यूके के सीडीएस ने लिज ट्रूस के सुझाव को बताया गैरकानूनी
यूनाइटेड किंगडम के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) सर टोनी रैडेकिन ने देश की विदेश सचिव लिज ट्रूस के उस सुझाव को खारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने कहा था कि ब्रिटिश लोगों को रूस के खिलाफ युद्ध में हथियार उठाने के लिए यूक्रेन जाना चाहिए। सीडीएस ने कहा कि ऐसा करना गैरकानूनी होगा।
पिसोचिन से पोलैंड सीमा के लिए रवाना हुआ भारतीयों का समूह
यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने कहा है कि पिसोचिन से यात्रा शुरू करने वाले 44 भारतीय नागरिकों का एक समूह ल्वीव से पोलैंड की सीमा पर पहुंचने वाले हैं। 150 भारतीयों का एक और समूह रोमानिया सीमा के लिए रवाना हो चुका है।
बेलारूस की निर्वासित नेता ने सरकार पर लगाया आरोप
बेलारूस की निर्वासित विपक्षी नेता स्वियातलाना त्सिखानूस्काया ने कहा कि देश के नेता ने देश का नियंत्रण क्रेमलिन के हवाले कर दिया है। उन्होंने कहा, ऐसा लगता है कि राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के हाथ में हमारी सेना का नियंत्रण नहीं है। उधर, लुकाशेंको इस बात से उनकार कर रहे हैं कि बेलारूस की सेना यूक्रेन में मौजूद है और न ही हमारी रूस की ओर से युद्ध में शामिल होने की योजना है।
रॉकेट हमले में विनित्स्या एयरपोर्ट तबाह
यूक्रेन के मीडिया संगठन कीवपोस्ट ने खबर दी है कि रूस की सेना ने विनित्स्या पर आठ मिसाइलों से हमला किया है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि इस हमले में विनित्स्या एयरपोर्ट पूरी तरह तबाह हो गया है। इसके अलावा कीव में आने वाले इरपिन में रूसी सेना पर नागरिकों पर गोलीबारी करने का आरोप भी लगाया है।
आज 5 उड़ानों के द्वारा 890 और बच्चों को भजेने की योजना: हरदीप सिंह पुरी
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा,''यूक्रेन से लगभग 5,280 बच्चे हंगरी पहुंचे थे उन्हें कल रात बुडापेस्ट हवाई अड्डे से भारत भेज दिया गया है। आज 5 उड़ानों के द्वारा 890 और बच्चों को भजेने की योजना है|
रूस ने देश के स्वतंत्र मीडिया 'मीडियाजोना' को ब्लॉक किया
रूस में अंतिम बचे कुछ स्वतंत्र मीडिया संस्थानों में शामिल मीडियाजोना ने कहा है कि यूक्रेन पर हमले की रिपोर्टिंग के लिए अधिकारियों ने ब्लॉक कर दिया है। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि यूक्रेन में जो हो रहा है हमने उसकी ईमानदारी से रिपोर्टिंग की और हमले को हमला कहा, युद्ध को युद्ध कहा। संस्थान की ओर से जारी एक बयान में यह भी कहा गया कि रूस ने हाल के दिनों में मिलिट्री सेंसरशिप पेश की है और यहां न के बराबर स्वतंत्र मीडिया बचा है।
मोदी PM नहीं हैं प्रचारक हैं: नाना पटोले
महाराष्ट्र के कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा,''यूक्रेन और रूस की लड़ाई की जब ख़बर फैली तो सबसे पहले बाकी देशों ने अपने नागरिकों को वहां से अपने देश बुलाया लेकिन PM अपने प्रचार में व्यस्त रहें। वे PM नहीं हैं प्रचारक हैं और उसका परिणाम है कि भारत के 20,000 बच्चे यूक्रेन में फंस गए| बच्चे एक देश से दूसरे देश 80 किमी पैदल चलकर फ्लाइट पकड़ रहे हैं, खाने-पीने की कोई व्यवस्था नहीं है|
सूमी में फंसे भारतीयों की मदद कर रहा रेड क्रॉस
रेड क्रॉस यूक्रेन यूक्रेन के सूमी में फंसे भारतीयों को इंडियन वर्ल्ड फोरम के साथ समन्वय में मानवीय मदद उपलब्ध करा रहा है। सूमी में रेड क्रॉस के समन्वयक इहोर शपोवाल ने यूनिवर्सिटी परिसरों का दौरा किया है, छात्रों से बातचीत की है और उन्हें जल्द निकासी का आश्वासन दिया है।
भारत के जितने भी नागरिक यूक्रेन में फंसे हुए हैं उन सभी को वापस लाया जा रहा
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा,''भारत के जितने भी नागरिक यूक्रेन में फंसे हुए हैं उन सभी को वापस लाया जा रहा है, राहुल गांधी का एक भी ट्वीट किसी काम नहीं होता है, वे सिर्फ झूठ लिखते हैं|
मारियुपोल में फिर नहीं हो पाई नागरिकों की निकासी
यूक्रेन के मारियुपोल शहर से नागरिकों को निकालने के लिए एक मानवीय कॉरिडोर बनाने में रविवार को भी नाकाम रहने के बाद रूस समर्थित अलगाववादियों और यूक्रेन के नेशनल गार्ड ने एक दूसरे पर आरोप लगाए हैं। इससे पहले शनिवार को भी ऐसी ही एक कोशिश असफल रही थी।
यूक्रेन के बंदरगाह शहर ओडेसा पर बमबारी करने की तैयारी में रूसी सेना
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की का कहना है कि, "रूस की सेना यूक्रेन के बंदरगाह शहर ओडेसा पर बमबारी की तैयारी कर रही है"|
अब तक 15,900 से अधिक भारतीयों को वापस लाया जा चुका है
नागर विमानन मंत्रालय ने कहा,''ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन के पड़ोसी देशों से 11 विशेष उड़ानों के द्वारा आज 2,135 भारतीयों को देश वापस लाया गया है। इसके साथ ही 22 फरवरी, 2022 को विशेष उड़ानें शुरू होने के बाद से अब तक 15,900 से अधिक भारतीयों को वापस लाया जा चुका है|
रूस के नागरिकों से जेलेंस्की की अपील
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सीधे रूसी नागरिकों से अपील की है कि वह क्रेमलिन के यूक्रेन पर हमले के खिलाफ सड़कों पर उतरें और प्रदर्शन करें या फिर खुद को गरीबी और दमन के जोखिम में डालें। जेलेंस्की ने कहा, 'रूस के नागरिकों... आपके लिए यह संघर्ष केवल यूक्रेन में शांति के लिए नहीं है, यह लड़ाई आपके खुद के देश के लिए भी है।' बता दें कि पिछले सप्ताह में इस हमले के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए रूस में हजारों लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। रूस इस हमले को एक विशेष सैन्य अभियान बता रहा है जो 24 फरवरी को शुरू हुआ था।
हम बंकर्स में ही रूके थे, बाहर से लगातार मिसाइलें और बंदूकों की आवाजें आ रही थी: छात्रा
दिल्ली: यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को लेकर एक विशेष विमान आईजीआई (IGI) एयरपोर्ट पहुंचा। यूक्रेन से लौटी भारतीय छात्रा ने कहा,''वहां पर हालात बहुत खराब हैं। हम बंकर्स में ही रूके थे। बाहर से लगातार मिसाइलें और बंदूकों की आवाजें आ रही थी। अब भारत सरकार वहां फंसे बाकी बच्चों को भी जल्द निकाल ले|
तुर्की के राष्ट्रपति ने पुतिन से किया युद्ध विराम और शांति समझौता करने का अनुरोध
तुर्की के राष्ट्रपति तैयप एर्दोगन ने अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन में युद्ध विराम का एलान करने, मानवीय कॉरिडोर खोलमे और एक शंति समझौते पर हस्ताक्षर करने का अनुरोध किया है। पुतिन के साथ करीब एक घंटे फोन पर बात करने के बाद उनके कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में बताया गया कि एर्दोगन ने पुतिन से कहा कि हम इस विवाद का शांतिपूर्ण हल ढूंढने में मदद करने के लिए तैयार हैं।
प्राडा ने रूस में रोका अपना रिटेल ऑपरेशन
इटली के लग्जरी ब्रांड प्राडा ने यूक्रेन पर हमले के मद्देनजर रूस में रिटेल बिक्री पर रोक लगाने का एलान किया है। कंपनी ने अपने लिंक्डइन पेज पर लिखा कि प्राडा ग्रुप रूल में अपने रिटेल ऑपरेशन निलंबित करता है। हमारी मुख्य चिंता यूक्रेन में संघर्ष से प्रभावित हुए हमारे साथियों और उनके परिवारों को लेकर है। हम उनका सहयोग करना जारी रखेंगे।'
पोप फ्रांसिस ने कहा- भीषण युद्ध का सामना कर रहा है यूक्रेन
पोप फ्रांसिस ने फ्रांस के इस दावे को खारिज किया है कि वह यूक्रेन में एक विशेष सैन्य अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि यह देश (यूक्रेन) के युद्ध का सामना कर रहा है। पोप ने सेंट पीटर्स स्क्वायर में अपने साप्ताहिक संबोधन में कहा कि यूक्रेन में खून की नदियां और आंसू बह रहे हैं, यह न केवल एक सैन्य अभियान है बल्कि एक युद्ध है जिसकी वजह से लोग मारे जा रहे हैं और विनाश हो रहा है।
मध्यस्थता का प्रयास करता रहेगा इस्राइल: बेनेट
इस्राइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने कहा है कि हम रूस और यूक्रेन के बीच मध्यस्थता की कोशिश करते रहेंगे भले ही इसके होने की संभावना न के बराबर हो। बेनेट शनिवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने अचानक मॉस्को पहुंचे थे। रविवार को उन्होंने मॉस्को से वापसी की।
फ्रांस ने ब्रिटेन से किया यूक्रेनी शरणार्थियों की मदद करने का अनुरोध
फ्रांस के अंतरिम मंत्री जेराल्ड डरमनिन ने ब्रिटेन से अनुरोध किया है कि वह फ्रेंच पोर्ट ऑफ कैलसिस में फंसे यूक्रेनी शरणार्थियों की मदद के लिए और प्रयास करे। उन्होंने कहा है कि ब्रिटिश अधिकारी इनमें से कई लोगों को उनके पास जरूरी वीजा या दस्तावेज न होने के कारण लौटा रहे हैं।
बहुत तेजी से बढ़ रहा है शरणार्थी संकट: संयुक्त राष्ट्र
संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि पिछले 10 दिनों में 15 लाख से ज्यादा लोग यूक्रेन छोड़ चुके हैं। द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद यूरोप में यह सबसे तेजी से बढ़ता शरणार्थी संकट है। शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र उच्चायुक्त फिलिपो ग्रांडी ने एक ट्वीट में यह जानकारी दी।
कर्नाटक के अब तक 448 छात्र यूक्रेन से निकाले गए
कर्नाटक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आयुक्त डॉ. मनोज राजन ने बताया है कि ''अब तक कर्नाटक के 448 छात्रों को यूक्रेन से वापस कर्नाटक लाया जा चुका है। अभी भी कर्नाटक के 236 छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं। कई छात्र पोलैंड सीमा पर पहुंच गए हैं। मुझे उम्मीद है कि अगले 3-4 दिनों में सभी छात्र सुरक्षित वापस लौट आएंगे|
यूक्रेन में फंसे बेंगलुरू के 472 में से 254 वापस बैंगलोर आ गए
कर्नाटक के बेंगलुरू शहरी ज़िला उपायुक्त जे. मंजुनाथ ने बताया,''शहर से 472 छात्र यूक्रेन में फंसे हुए थे जिनमें से 254 वापस बैंगलोर आ गए हैं। बाकी के छात्रों को जल्द ही वापस लाने की कवायद की जा रही है। हमारी टीम सभी छात्रों के परिवारों से लगातार संपर्क में है:
यूक्रेनी विदेश मंत्री से मिले एंटनी ब्लिंकन
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा से मुलाकात के बाद कुछ समय के लिए यूक्रेन पहुंचे। दोनों नेताओं ने पोलैंड के साथ सीमा पर मुलाकात की थी और रूस के हमले से सुरक्षा के लिए यूक्रेन को सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पश्चिमी देशों के प्रयासों पर चर्चा की।
अब तक 1.5 मिलियन लोग यूक्रेन छोड़कर निकल चुके
संयुक्त राष्ट्र(United Nations) ने कहा,'''यूक्रेन संकट के बीच अब तक 1.5 मिलियन लोग यूक्रेन छोड़कर निकल चुके हैं उनके साथ और लोगों के भी जाने की संभावना है|
यूक्रेन की उप प्रधानमंत्री ने पश्चिमी देशों पर साधा निशाना
यूक्रेन की उप प्रधानमंत्री ओल्हा स्टेफनिशिना ने कहा है कि युद्ध विराम पर समझौतों के बाद भी यूक्रेन रूस की बातों पर कभी भरोसा नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के लोग और यहां के नेता रूस की प्लेबुक को अच्छी तरह से जानते हैं। उन्होंने यूक्रेन को ऊपर नो फ्लाई जोन घोषित करने से इनकार करने के लिए पश्चिमी नेताओं को भी निशाने पर लिया।
यूक्रेन में फंसे भारतीय तत्काल करें संपर्क- भारतीय दूतावास
यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। इस बीच भारतीय दूतावास की ओर से कहा गया है कि, अभी भी जो भारतीय नागरिक यूक्रेन में फंसे हैं, वे तत्काल भारतीय दूतावास से संपर्क करें। दूतावास ने कहा है कि ऑनलाइन फॉर्म भरते समय छात्र अपना मोबाइल नंबर और स्थान जरूर साझा करें, जिससे उनकी जल्द से जल्द निकासी की जा सके।
भारत ने यूक्रेन को मानवीय सहायता भेजी
भारत ने भारतीय वायु सेना की विशेष उड़ान से पोलैंड के माध्यम से यूक्रेन को मानवीय सहायता भेजी।
54 बस्तियों पर लुहांस्क रिपब्लिक का कब्जा
रूसी सेना की ओर से तेज हमलों के बीच लुहांस्क पीपुल्स रिपब्लिक की ओर से दावा किया गया है कि उसने यूक्रेन की 54 बस्तियों पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया है।
ऑपरेशन गंगा फ्लाइट के अंतिम चरण की शुरुआत की
हंगरी में भारतीय दूतावास ने कहा,''''दूतावास ने आज ऑपरेशन गंगा फ्लाइट के अंतिम चरण की शुरुआत की। अपने स्वयं के आवास (दूतावास द्वारा व्यवस्थित के अलावा) में रहने वाले सभी छात्रों से अनुरोध किया जाता है कि वे हंगरी,राकोज़ी UT 90, बुडापेस्ट में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच पहुंचें|
हम 6 दिन बंकर में थे: छात्र
गाज़ियाबाद: यूक्रेन से 210 भारतीयों को लेकर भारतीय वायु सेना का विमान बुखारेस्ट (रोमानिया) से हिंडन एयरबेस पर पहुंचा| यूक्रेन से वापस लौटा एक छात्र ने कहा,''''यूक्रेन में 24 फरवरी को सुबह युद्ध शुरू हुआ था, जिसके बाद से दिक्कतें शुरू हुईं, वहां पर खाने-पीने की कमी होने लगी थी। हम 6 दिन बंकर में थे, 28 फरवरी को हम खार्किव से निकले थे और आज हम वापस यहां पहुंचे हैं|
यूक्रेन पर परमाणु हथियारों के दस्तावेज नष्ट करने का आरोप
रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग के बीच एक रूसी अधिकारी ने दावा किया है कि, यूक्रेन ने परमाणु हथियारों के निर्माण संबंधी दस्तावेजों को नष्ट कर दिया है।
क्रीमिया से लौटे भारतीय छात्र
रूस-यूक्रेन संकट के बीच क्रीमिया से भारतीय छात्रों का एक दल दिल्ली लौट आया। छात्रों का कहना है कि फिलहाल क्रीमिया में स्थिति सामान्य है। हालांकि, युद्ध के बीच हम लोग पहले ही लौट आए हैं। कॉलेज प्रशासन ने हमें ऑनलाइन कक्षाओं के लिए अनुमति दे दी है।
रूस के खिलाफ जंग छेड़ेंगे 3000 अमेरिकी
रूस के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय बटालियन में शामिल होने के लिए 3000 अमेरिकी स्वयंसेवक तैयार हैं। यूक्रेन के आह्वान पर ये स्वयंसेवक जंग के लिए तैयार हैं। दरअसल, यूक्रेन के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने कहा था कि रूस के खिलाफ लड़ने के इच्छुक लोग अपने यूक्रेनी दूतावास में जाकर आवेदन कर सकते हैं।
पुतिन को हराने के लिए जॉनसन ने बनाई छह सूत्रीय योजना
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर जेलेंस्की को हराने के लिए ब्रिटेन ने छह सूत्रीय योजना तैयार की है। जॉनसन ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग से छह सूत्रीय योजना बनाई है, उनका कहना है कि हमें यूक्रेन के समर्थन के लिए अंतरराष्ट्रीय मानवयी गठबंधन बनाना होगा।
ज़ेलेंस्की ने बिडेन से बात की
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने "सुरक्षा के मुद्दों, यूक्रेन के लिए वित्तीय सहायता और रूस के खिलाफ प्रतिबंधों को जारी रखने" के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन से बात की।
रूस-यूक्रेन के बीच तीसरे दौर की बातचीत कल
रूस-यूकेन की जंग को आज 11वां दिन है। इस बीच दोनों देशों के बीच तीसरे दौर की बातचीत सोमवार को होनी है। इससे पहले भी दो बार दोनों देशों के नेताओं के बीच बातचीत हुई है, लेकिन नतीजा शून्य रहा है। हालांकि, इस बातचीत से पहले पुतिन की ओर से नागरिकों को निकालने के लिए सीजफायर का एलान किया गया था।