इस्लामाबाद: पाकिस्तान में चल रहे सियासी घटनाक्रम ने रविवार को नाटकीय मोड़ लिया। प्रधानमंत्री इमरान खान को कुर्सी से हटाने की विपक्ष की कोशिश फिलहाल नाकाम हो गई। पाकिस्तान नेशनल असेंबली के डिप्टी स्पीकर ने पीएम इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज किया| इसे पाकिस्तान के संविधान और नियमों के खिलाफ बताया। इसके बाद पाकिस्तान के पीएम इमरान खान ने राष्ट्रपति को नेशनल असेंबली भंग करने की सलाह दी| नए सिरे से चुनाव का आह्वान|
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा,'' मैंने राष्ट्रपति को विधानसभाओं को भंग करने के लिए सलाह भेज दी है। चुनाव हों और लोग फैसला करें कि वो किसे चाहते हैं। बाहर से कोई साजिश और इस तरह के भ्रष्ट लोग इस मुल्क की तकदीर का फैसला न करें|
इमरान खान ने कहा,''मैं स्पीकर के फैसले पर हर पाकिस्तानी को बधाई देता हूं। अविश्वास प्रस्ताव हमारे खिलाफ एक विदेशी साजिश थी। पाकिस्तान को तय करना चाहिए कि उन पर कौन शासन करे|
इमरान खान ने कहा,''मैं अपनी कौम को आज कहता हूं कि आप चुनाव की तैयारी करो। मुल्क से जो इतनी बड़ी साजिश की जा रही थी वो आज फेल हो गई| उन्होंने कहा- हम इंसाफ के लिए अवाम के बीच जाएंगे। हम लोगों से अपील करते हैं वो अगले चुनाव की तैयारी करें। सारी कौम से गद्दारी की कोशिश की जा रही थी।
उधर,इमरान के इस फैसले का बाद विपक्षी पार्टियों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के अध्यक्ष अध्यक्ष बिलावल भुट्टो का कहना है कि इमरान ने संविधान को तोड़ा है। हम इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। साथ ही सभी विपक्षी पार्टियां संसद के अंदर धरना देंगी।