सीकर (राजस्थान): राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में एक अजीबो-गरीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली में पत्रकारिता कर रही मेघा उपाध्याय ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया है कि खाटूश्यामजी मंदिर दर्शन के दौरान उनकी मां की तबीयत खराब हो गई और उन्हें वॉशरूम की सख्त जरूरत थी। लेकिन आसपास कोई भी सार्वजनिक शौचालय नहीं मिला।
मेघा के अनुसार, काफी देर तलाशने के बाद वे एक होटल में गईं, जहां उन्हें वॉशरूम इस्तेमाल करने के बदले 805 रुपये का भुगतान करना पड़ा। उन्होंने बताया कि होटल प्रबंधन ने GST के साथ बिल भी जारी किया। यह पूरी घटना केवल 5 मिनट वॉशरूम इस्तेमाल को लेकर हुई, जिससे श्रद्धालुओं और आम जनता में नाराजगी का माहौल है।
पत्रकार ने बिल की प्रति भी सार्वजनिक कर दी है, जिससे यह साफ है कि चार्ज वसूलने के पीछे होटल की तरफ से कोई झिझक नहीं थी। मेघा ने यह भी कहा कि “कोई और विकल्प नहीं था, इसलिए मजबूरी में भुगतान करना पड़ा।”
यह मामला अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब सरकार खाटूश्यामजी को विश्वस्तरीय धार्मिक स्थल बनाने की बात कर रही है, तो वहां श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाएं जैसे कि पब्लिक टॉयलेट क्यों उपलब्ध नहीं हैं?