आगरा: आगरा जिले के मऊ गाँव में मंदिर में एक साधु की कुल्हाड़ी से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी गई। सुबह घटना की जानकारी हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं में आक्रोश पैदा हो गया। मौके से मिली खून से सनी कुल्हाड़ी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
आगरा के एडिशनल SP रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि,''आगरा जिले के मऊ गाँव में एक साधु की हत्या कर दी गई, जिसका कारण अभी तक ज्ञात नहीं है। हमने एक कुल्हाड़ी बरामद की है, जो संभवतः हत्या का हथियार है। शव को पोस्टमॉर्टमके लिए भेज दिया गया है, आगे की जांच जारी है|
जानकारी के मुताबिक न्यू आगरा के मऊ गाँव निवासी होशियार सिंह जंगल में टीले पर बने प्राचीन पथवारी मंदिर में पूजा करने गए थे। उन्होंने देखा कि पुजारी शिवगिरी अपने कमरे के बाहर खून से लथपथ हालत में पड़े हैं। पास ही एक कुल्हाड़ी पड़ी है। वह घबरा गए। गांव में आकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीणों ने यूपी 112 कंट्रोल रूम में काल किया। पुलिस फोर्स साथ मौके पर पहुंचे। डाॅॅग स्क्वायड और फील्ड यूनिट को मौके पर साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया गया।
मंदिर पर पुजारी की हत्या की खबर से बड़ी संख्या में लोग मंदिर पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि शिवगिरी पिछले 30 साल से मंदिर में पुजारी थे। मूलत: फतेहपुरसीकरी के गांव खेड़ा भोपुर के निवासी थे। पुलिस को आशंका है कि किसी नशेबाज ने वारदात को अंजाम दिया है।