अलीगढ़: यूपी के अलीगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है| यहां जिस लड़की की अपहरण के बाद हत्या की गई थी, वह जिंदा मिली| लड़की हत्या के आरोप में एक युवक 7 साल जेल में बंद है| गोंडा थाना क्षेत्र के ढांटौली गांव में 7 साल पहले जिस, प्रवेश नाम की नाबालिग लड़की की हत्या मानी गई थी, वह जिंदा मिली| प्रवेश की हत्या के गलत आरोप विष्णु गौतम नाम का युवक 7 साल से जेल की सजा काट रहा है|
अलीगढ़ पुलिस ने मंगलवार को प्रवेश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। इस मामले में इगलास के सीओ रघुवेंद्र सिंह ने कहा,''हमने महिला को कोर्ट में पेश किया| आईपीसी की धारा 164 के तहत जांच और डीएनए टेस्ट की अनुमति मांगी है|
बताया जा रहा है कि, लड़की (प्रवेश) ने अपना नाम बदलकर पूजा रख लिया था| नाम बदलकर प्रवेश उर्फ पूजा हाथरस में रह रही थी और वह शादीशुदा है। उसके दो बच्चे भी हैं। प्रवेश उर्फ पूजा की जिंदा मिलने की खबर के बाद जेल में बंद विष्णु की मां ने कोर्ट से बेटे को छोड़ देने की अपील की है।
ढांटौली गांव की रहने वाली विष्णु की माँ सुनीता ने बताया कि उसके निर्दोष बेटे को गांव की एक किशोरी के अपहरण और हत्या के जुर्म में जेल भेजा गया है । वह जिंदा है और शादी कर हाथरस में रह रही है।
पुलिस के मुताबिक,'' 7 फरवरी 2015 को 10वीं में पढ़ने वाली छात्रा की गुमशुदगी की रिपोर्ट गोंडा थाने में दर्ज हुई थी| इस मामले में गांव की ही विधवा सुनीता के इकलौते बेटे विष्णु पर आरोप लगाया गया था| महीनों तक जांच के बाद लड़की का सुराग नहीं मिला| इस बीच आगरा में एक अज्ञात लड़की की लाश मिली थी|
इसी जांच के सिलसिले में शव को प्रवेश उर्फ पूजा के पिता देवेंद्र से शिनाख्त करने के लिए कहा गया, पिता देवेंद्र ने अपनी बेटी प्रवेश के रूप में शव की पहचान की और विष्णु पर हत्या का आरोप लगाया| पुलिस ने विष्णु पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और हत्या कर साक्ष्य मिटाने के आरोप में 25 सितंबर 2015 को चार्जशीट दायर करते हुए जेल भेज दिया था|