औरंगाबाद: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा कि, ''आप पहले आए थे लेकिन हम गायब हो गए थे लेकिन अब हम आपको आश्वस्त करते हैं कि अब इधर-उधर होने वाले नहीं हैं| नीतीश कुमार के इस भाषण पर प्रधानमंत्री मोदी ठहाके लगाकर हंसने लगे|
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के औरंगाबाद में हैं| उन्होंने 21,400 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। तकरीबन 18 महीने बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पीएम मोदी एक साथ मंच पर दिखाई दिए|
इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, "...हम आपको (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) आश्वस्त करते हैं कि अब हम इधर-उधर नहीं होने वाले। हम आप(NDA) के साथ रहेंगे...", यह सुनकर पीएम मोदी हंसने लगे |
नीतीश कुमार ने हाल ही में महागठबंधन से नाता तोड़कर बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बनाई है| एक ही कार्यकाल में उन्होंने सीएम पद की 'रिकॉर्ड' शपथ ली है| बिहार में एनडीए की सरकार बनने के बाद पीएम मोदी का यह पहला बिहार दौरा है|
सीएम नीतीश ने पीएम मोदी को संबोधित करते हुए कहा, "आप जो आए हैं यहां, इसका हमलोगों को बहुत खुशी की बात है, आप पहले आए थे लेकिन हम गायब हो गए थे..... हम आपको आश्वस्त करते हैं कि अब इधर-उधर होने वाले नहीं हैं.... हम रहेंगे आप ही के साथ|"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "...यही NDA की पहचान है। हम काम की शुरुआत भी करते हैं, काम पूरा भी करते हैं और हम ही उसे जनता-जनार्दन को समर्पित भी करते हैं।" मोदी ने कहा, "बिहार ने एक बार फिर डबल इंजन की रफ्तार भी पकड़ ली है। इसलिए बिहार इस समय पूरे उत्साह में भी है और आत्मविश्वास से भी भरा हुआ है... आपके चेहरों की ये चमक बिहार को लूटने का सपना देखने वालों के चेहरों पर हवाईयां उड़ा रही है।"
नरेंद्र मोदी ने कहा, "एक वो दौर था जब बिहार के लोग अपने ही घरों से निकलने में डरते थे। एक ये दौर है जब बिहार में पर्यटन की संभावनाएं विकसित हो रही हैं। बिहार को वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें मिली हैं। अमृत स्टेशनों का विकास किया जा रहा है। बिहार में जब पुराना दौर था। राज्य को अशांति, असुरक्षा और आतंक की आग में झोंक दिया गया था। बिहार के युवाओं को प्रदेश छोड़कर पलायन करना पड़ा..." मोदी ने कहा, "...बिहार का विकास, ये मोदी की गारंटी है। बिहार में शांति और कानून व्यवस्था का राज, ये मोदी की गारंटी है। बिहार में बहन-बेटियों को अधिकार, ये मोदी की गारंटी है। तीसरे टर्म में हमारी सरकार इन्हीं गारंटियों को पूरा करने और विकसित बिहार बनाने के लिए काम करने के लिए संकल्पबद्ध है।"