Basti: खेत में खेल रहे मासूम को बिच्छू ने डंक मारा, उपचार के दौरान तोड़ा दम
कुदरहा, बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के अइलिया गांव निवासी एक पांच वर्षीय बालक की बिच्छू के डंक से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह अपनी मां के साथ खेत गया था। गंभीर हालत में पहले उसे जिला अस्पताल खलीलाबाद और बाद में बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार अइलिया गांव निवासी लक्ष्मी पत्नी बच्चूलाल करीब दो माह से अपने मायके संतकबीरनगर जनपद के चनवापार गांव में रह रही थीं। शुक्रवार की शाम वह धान की रोपाई के लिए खेत पहुंचीं। उनका पांच वर्षीय पुत्र हर्षित भी उनके साथ चला गया और खेत की मेड़ पर खेलते समय बैठ गया।
इसी दौरान एक बिच्छू ने उसे डंक मार दिया। बच्चे के तेज दर्द से रोने पर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल खलीलाबाद ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। काफी प्रयास के बावजूद चिकित्सक उसकी जान नहीं बचा सके।
हर्षित तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक का माहौल फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
Powered by Froala Editor
