बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में महादेवा-लालगंज मार्ग पर ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी है| हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई| जबकि दो अन्य को गंभीर चोटें आई| दोनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है| लालगज के बारीघाट गांव के पास की घटना है|
ये सभी लोग लालगंज थाना क्षेत्र के गायघाट नगर पंचायत के सूर्य नगर वार्ड के रहने वाले है| मृतक महिला की पहचान 62 वर्षीय ज्ञानमती पत्नी रामअधीन के रूप में हुई है| घायलों में 23 वर्षीय रामभवन प्रजापति और 65 वर्षीय रामअधीन है|
जानकारी के अनुसार, युवक रामभवन अपने दादा -दादी को मोटरसाइकिल एच एफ डीलक्स पर बैठाकर भैसहिया गांव अपने बुआ के यहां वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहा था| वह बारीघाट गांव के निकट पहुंचे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक को ठोकर मार दिया। इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठी ज्ञानमती की ट्रक के नीचे आ जाने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि अन्य दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों की सहायता से लालगंज पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी पहुंचाया, जहां घायलों की स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बस्ती के लिए रेफर कर दिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।