बस्ती:उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में थाना सोनहा, स्वाट व सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम द्वारा थाना सोनहा क्षेत्र अंतर्गत ढाई साल के मासूम रितेश का अपहरण कर हुई हत्या का खुलासा कर युवक व महिला को गिरफ्तार किया गया| सोनहा क्षेत्र अंतर्गत 2 साल 5 महीने के मासूम रितेश की घर के सामने से अगवा कर हत्या कर दी गयी थी । प्रेमिका के कहने पर प्रेमी ने कर दी थी मासूम रितेश की हत्या। सोनहा थाना में धारा 120B, 364, 302, 201 IPC के तहत दर्ज हुआ मुकदमा।
पुलिस ने रविवार को संदीप पुत्र राजकुमार (निवासी ग्राम परसाखुर्द बुजुर्ग दरियापुर जंगल टोला उकड़हवा थाना सोनहा) को खाजेपुर मोड़ से व महिला पार्वती पत्नी नेबूलाल (निवासी ग्राम परसा खुर्द बुजुर्ग दरियापुर जंगल टोला उकड़हवा थाना सोनहा) को उसके घर ग्राम परसा खुर्द बुजुर्ग दरियापुर जंगल टोला से गिरफ्तार किया गया ।
अभियुक्ता पार्वती का मासूम रितेश के माता पिता से चल रहा था विवाद। पार्वती ने ही अपने प्रेमी संदीप से करा दी उसके चचेरे भाई मासूम रितेश की हत्या। शनिवार सुबह टॉफी खिलाने के बहाने घर से मासूम को लेकर निकला था संदीप। जंगल मे ले जाकर रितेश का गला दबाकर संदीप ने कर दी हत्या।
शनिवार 15.05.2021 को जगराम चौहान पुत्र मकरे (निवासी ग्राम परसा खुर्द बुजुर्ग दरियापुर जंगल (टोला-उकड़हवा) द्वारा थाना सोनहा पर आकर लिखित प्रार्थना पत्र दिया कि मेरा नाती रितेश पुत्र जवाहिर (उम्र लगभग 2.5 वर्ष) शनिवार सुबह करीब 10:00 बजे मेरे दरवाजे पर खेल रहा था कि उसी समय मेरे गाँव का संदीप पुत्र राजकुमार चौहान उसे खेलाने लगा और अपनी साइकिल पर बैठाकर लेकर चला गया |
जब काफी समय बीत गया और संदीप बच्चे को लेकर नहीं आया तब हम लोग ढूंढने लगे तथा जब संदीप से पूछने लगे तो वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया और न ही रितेश के बारे में कुछ बताया | मुझे पूरा विश्वास है कि संदीप मेरे ही गाँव के रहने वाली पार्वती पत्नी नेबुलाल के मिली भगत से रितेश को गायब कर दिया है |
पुलिस ने बताया,''इस सम्बन्ध में थाना सोनहा जनपद बस्ती पर मु0अ0सं0 100/2021 धारा 120B, 364, 302, 201 IPC पंजीकृत कर अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी कि आज संदीप व पार्वती पत्नी को गिरफ्तार किया गया ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी संदीप पुत्र राजकुमार द्वारा बताया गया कि मेरा प्रेम सम्बन्ध गांव की ही पार्वती से है जिसका मेरे चाचा ज्वाहिर व उनकी पत्नी से काफी दिनों से विवाद व झगड़ा चल रहा है, इसलिए पार्वती के कहने पर मै अपने चाचा के लड़के रितेश को टॉफी खिलाने के बहाने घर से लेकर निकला तथा जंगल मे ले जाकर रितेश का गला दबाकर जान से खत्म कर दिया तथा उसकी लाश को वही पर छोटे गड्ढे मे रखकर उपर से पत्तियों से ढककर छिपा दिया मझसे गलती हो गयी है। मैने अपनी प्रेमिका पार्वती के कहने पर रितेश की हत्या कर दिया जिसकी लाश को मै दिखा सकता हूँ।
शनिवार की घटना चक्र: सोनहा क्षेत्र के परसा खुर्द दरियापुर जंगल टोला उकड़हवा गांव में शनिवार को ढाई साल के मासूम के घर के सामने से गायब होने से सनसनी फैल गई। एसपी समेत पुलिस की तमाम टीमों ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की मगर बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने गांव के ही युवक पर बच्चे के अपहरण का आरोप लगाया था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया था। गांव में तीन थानों की पुलिस कैंप कर रही थी।
बस्ती-गोंडा बॉर्डर स्थित परसा खुर्द दरियापुर जंगल टोला उकड़हवा निवासी जवाहिर चौहान का ढाई वर्षीय बेटा रितेश शनिवार सुबह करीब 10 बजे घर के सामने खेलते-खेलते गायब हो गया। आसपास तलाश के बाद भी बच्चा नहीं मिला तो घर में कोहराम मच गया। सूचना पर सोनहा थाने के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव, सीओ रुधौली धनंजय सिंह कुसवाहा, स्वॉट, सर्विलांस टीम के साथ डॉग स्क्वायड के साथ पहुंच गए। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। खोजबीन के बाद भी बच्चे का सुराग नहीं मिला।
बच्चे का पिता जवाहिर दिल्ली में मजदूरी आदि करता है। वह शुक्रवार को ही दिल्ली गया था। बच्चे के बाबा जगराम ने सोनहा पुलिस को नामजद तहरीर दी थी। इसमें गांव के ही युवक पर आरोप लगाया था कि वह उसके नाती रितेश को रोज बिस्कुट-टॉफी आदि खिलाता-पिलाता रहता था। शनिवार को भी वह बच्चे को साइकिल पर बैठाकर ले गया लेकिन उसे वापस नहीं लाया। उससे पूछा तो संतोषजनक जवाब नहीं दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आई थी। गांव में सोनहा पुलिस के साथ लालगंज और मुंडेरवा थाने की पुलिस कैंप कर रही है। गांव की महिला (पार्वती) पर गायब कराने का आरोप था|
परिजनों के मुताबिक दो माह पहले हुई थी रितेश की मां और गांव की एक महिला का झगड़ा हुआ था। मामला थाने तक पहुंचने पर पुलिस ने दोनों पक्षों में सुलह-समझौता करा दिया था। परिजनों का आरोप था कि उस महिला और युवक ने मिलकर बच्चे को गायब किया है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक के बच्चों को सुरक्षा की दृष्टि से कब्जे में लेने का प्रयास किया तो गांववालों ने विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि पहले हमारा गायब बच्चा लौटाओ, फिर इन्हें ले जाइए। वहीं पुलिस को डर था कि कहीं आक्रोश में आरोपी के बच्चों के साथ कोई अनहोनी न हो जाए। समझा-बुझाकर पुलिस बच्चों को लेकर चली गई।