बस्ती: बस्ती जिले के थाना मुण्डेरवा क्षेत्रांतर्गत ग्राम किठुरी में हुए धर्मराज की हत्या का आज सोमवार को खुलासा हो गया है| धर्मराज (38) की पत्नी मीरा ने अपने प्रेमी गुड्डू उर्फ सत्येन्द्र, अपनी बहन और जीजा के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। धर्मराज हत्या मामले में पुलिस ने हत्या एवं साजिश की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी पत्नी मीरा, उसके प्रेमी गुड्डू और उसके जीजा को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या करने वाली महिला (मीरा पत्नी धर्मराज ग्राम उचगाव जमोहे थाना मुण्डेरवा) को उसके प्रेमी गुड्डू उर्फ सत्येन्द्र पुत्र महेश पाण्डेय (निवासी मुण्डेरवा थाना मुण्डेरवा )और किठुरी निवासी विध्याचल (मृतक धर्मराज का साढू) के साथ थाना मुण्डेरवा पुलिस व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्यवाही में ओड़वारा राम जानकी मंदिर से आज सोमवार को गिरफ्तार किया गया|
पुलिस के मुताबिक,ऊंचगांव जमोहे निवासी धर्मराज अपनी पत्नी के साथ 10 अप्रैल को अपने साढू के घर किठुरी गांव गया था। जहां मीरा ने रात में प्रेमी गुड्डू, अपनी बहन और जीजा के साथ मिलकर हत्या कर दी| धर्मराज के भाई राम नरायन के अनुसार 11 अप्रैल की देर रात करीब 2.30 बजे भाई की मौत की सूचना मिली। अस्पताल वालों ने शव की पहचान कराया। सूचना बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर पर घातक चोट आने से मौत होना पाया गया। मृतक के भाई ने हत्या का संदेह जताते हुए थाने पर तहरीर दी। मुंडेरवा निवासी मंदिर के पुजारी गुड्डू उर्फ सत्येंद्र पर हत्या का आरोप लगाया। आशंका जताया कि भाई की पत्नी मीरा, किठुरी गांव निवासी साढू विंध्याचल और उसकी पत्नी पर हत्या की साजिश में शामिल होने की आशंका जताई। मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस के मुताबिक,'' छानबीन में मृतक की पत्नी मीरा के गुड्डू से अवैध सम्बन्ध की जानकारी मिली। जांच के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की है। मामले में आरोपी प्रेमी मंदिर के पुजारी गुड्डू उर्फ सत्येंद्र, मीरा पत्नी धर्मराज, विंध्याचल को मुखबिर की सूचना पर ओड़वारा राम मंदिर से गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर का रक्त रंजित टुकड़ा, मृतक का मोबाइल , आधार कार्ड, फोटो आदि बरामद किया गया है।