बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा भी कोरोनावायरस से संक्रमित हो गए हैं| रविवार देर रात येदियुरप्पा ने अपने ट्विटर हैंडल पर यह जानकारी दी| मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने रविवार देर रात (2 अगस्त) कहा कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं।
बीएस येदियुरप्पा ने ट्वीट किया, “ मेरी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि, मेरी तबीयत ठीक है, परन्तु डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं।” येदियुरप्पा ने बीते कुछ दिनों के दौरान अपने संपर्क में आए लोगों से भी अपना ध्यान रखने और पृथक-वास में रहने का अनुरोध किया।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी रविवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने ट्वीट किया, “कोरोना के शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने जांच करवायी और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है परन्तु डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं।” गृह मंत्री ने बीते कुछ दिनों के दौरान अपने संपर्क में आए लोगों से भी कोरोना वायरस की जांच कराने और पृथक-वास में रहने का अनुरोध किया।
तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित भी कोरोनावायरस से संक्रमित हो गए हैं| चेन्नई के कावेरी अस्पताल ने रविवार को यह जानकारी दी| राज्यपाल को घर में ही पृथकवास में रहने की सलाह दी गई है जहां अस्पताल के डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की निगरानी करेगी|
चेन्नई के कावेरी अस्पताल ने रविवार को बताया,''तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को COVID-19 के लिए पॉजिटिव पाया गया। हल्का संक्रमण होने के कारण, उन्हें होम आइसोलेशन की सलाह दी गई है। कावेरी अस्पताल की चिकित्सा टीम द्वारा उनकी निगरानी की जाएगी
वहीं, रविवार को उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह COVID-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें डॉक्टरों ने होम क्वारंटाइन में रहने की सलाह दी है।उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।
यूपी बीजेपी प्रमुख स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट किया, 'मुझे कोरोना के शुरुआती लक्षण दिख रहे थे जिसके चलते मैंने अपनी कोविड-19 की जांच कराई. जांच में मेरी रिपोर्ट कोरोना पॉज़िटिव आई है. मुझसे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से मेरा निवेदन है कि वह गाइडलाइन के अनुसार स्वयं को क्वारंटाइन कर लें और आवश्यकता अनुसार अपनी जांच करा लें