बेंगलुरु:कर्नाटक के पूर्व सीएम और जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच डी कुमारस्वामी ने शुक्रवार को सुझाव दिया कि मैसूर के पास कॉलेज छात्रा से बलात्कार के कथित दोषियों के साथ वैसे ही निपटना चाहिए जैसा कि करीब दो साल पहले पुलिस ने तेलंगाना में ऐसे ही एक मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की थी और उन्हें मार गिराया था।
एचडी कुमारस्वामी वर्ष 2019 में तेलंगाना की राजधानी के शमशाबाद इलाके में अपराध करने के बाद एक पशु चिकित्सक को जिंदा जलाने वाले चार कथित बलात्कारियों को हैदराबाद पुलिस द्वारा गोली मारने के तरीके का जिक्र कर रहे थे। उस समय पुलिस चारो आरोपियों को लेकर घटनास्थल पर पहुंची थी और कथित तौर पर जब उन्होंने भागने का प्रयास किया तो तेलंगाना पुलिस ने उन्हें गोली मार दी।
कर्नाटक के पूर्व सीएम और जद (एस) नेता एचडी कुमारस्वामी ने कहा,', सरकार को ऐसी (बलात्कार) घटनाओं के प्रति गंभीर होना चाहिए। इस तरह की घटनाओं में गंभीर कार्रवाई की जानी चाहिए जैसा कि आंध्र प्रदेश में किया गया था। खुले, सुनसान जगहों पर युवाओं को शराब पीने की इजाजत देने में राज्य सरकार की गलती है|
जदएस नेता ने वर्तमान तंत्र को अपराधियों का मनोबल बढ़ाने वाला करार दिया। उन्होंने कहा, '' हमारे वर्तमान तंत्र में, आरोपियों को जेल भेजा जाता है और वे कुछ दिन बाद जमानत पर बाहर आ जाते हैं। इस तरह की धारणा बन गई है कि कुछ नहीं होगा।''
बता दें कि कर्नाटक में मैसूर के चामुंडी हिल्स इलाके के पास बदमाशों ने कॉलेज का एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता मंगलवार की रात अपने मेल फ्रेंड के साथ चामुंडी हिल्स गई थी जहां कुछ युवकों ने उनपर हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार अपराधियों ने पीड़िता के साथ गए युवक पर पत्थर से हमला किया और लड़की के साथ सामूहिक बालात्कार किया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।