नई दिल्ली/बेंगलुरु: सिद्धारमैया कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री होंगे और डी.के. शिवकुमार उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह 20 मई को बेंगलुरु में होगा। कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे विपक्षी नेताओं को आमंत्रित करेंगे। गांधी परिवार, कांग्रेस के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बेंगलुरु में कार्यक्रम में शामिल होंगे. कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री नामित किए जाने के बाद कांग्रेस नेता सिद्धारमैया के आवास के बाहर उनके समर्थकों ने जश्न मनाया।
कांग्रेस नेता सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की।कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट किया, "टीम कांग्रेस कर्नाटक के लोगों की प्रगति, कल्याण और सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। हम 6.5 करोड़ कन्नडिगाओं से वादा किए गए 5 गारंटी को लागू करेंगे।"
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि,''सभी से चर्चा करने के बाद कांग्रेस पार्टी ने ये फैसला लिया है कि सिद्धारमैया जी को कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। डीके शिवकुमार कर्नाटक के एकलौते उपमुख्यमंत्री होंगे. केसी वेणुगोपाल ने कहा कि, डीके शिवकुमार संसदीय चुनाव के अंत तक PCC अध्यक्ष के रूप में बने रहेंगे। 20 मई को शपथ ग्रहण समारोह होगा जिसमें मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ ही मंत्रियों का एक समूह भी उस दिन शपथ लेगा.
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि,''कांग्रेस अध्यक्ष ने फैसला किया कि सिद्धारमैया जी को कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनाया जाए और डीके शिवकुमार को कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री बनाया जाए। हमारी पहली प्राथमिकता है कि हम अपने 5 गारंटी को लागू करे जो कि हम अपने पहले कैबिनेट बैठक में निर्णय लेंगे। हम एक समान विचारधारा वाली पार्टी को शपथ समारोह में बुलाएंगे.
कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के घोषणा पर कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार के भाई और कांग्रेस नेता डी.के. सुरेश ने कहा कि,''मुझे नहीं लगता है कि मैं पूरी तरह से खुश हूं। मगर कर्नाटक के हित के लिए पार्टी और डी.के. शिवकुमार और सभी को ये स्वीकार करना होगा.
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री के रुप में नामित होने पर कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने कहा कि,''पार्टी में सब कुछ ठीक है और आगे भी सब कुछ ठीक रहने वाला है। मैंने पहले भी कहा था कि पार्टी हाईकमान जो भी निर्णय लेगा, हम उसे स्वीकार करेंगे। जो भी फार्मूला बनाया गया है, हम सभी उसे स्वीकर करते हैं.