भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना इलाके में बेटी की शादी में उधार लिए पैसे न लौटा पाने पर एक महिला की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई | मामले में 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है| यह घटना शनिवार, 3 दिसंबर की थाना इलाके के सिंघिया पुल के पास की है| महिला की पहचान नीलम देवी पत्नी अशोक के रूप में हुई है| नीलम देवी ने शकील मियां से बेटी की शादी के लिए पैसे लिए थे| शकील मियां पैसे लौटाने के लिए दबाव बना रहा था| जिसको लेकर दोनों के बीच कई बार झड़प हो चुकी थी|
पैसे को लेकर विवाद में शकील मियां ने शनिवार को महिला को अकेला पाकर धारदार हथियार से प्रहार कर दिया | दोनों हाथ और कान काट दिए| स्तन पर भी वार किया| इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया| घटना के तुरंत बाद महिला को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया| जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई| मामले में मुख्य आरोपी शकील मियां को लक्ष्मीपुर भोरंग बागीचे से और उसके भाई जुद्दीन मियां को उसके घर से गिरफ्तार किया गया है|
भागलपुर के एसपी स्वर्ण प्रभात ने सोमवार, 5 दिसंबर को बताया,'' रविवार को पीरपैंती थाना अंतर्गत एक महिला की हत्या की घटना हुई थी। जांच में पता चला कि मृतका, अभियुक्त दोनों के खेत पास में हैं। दोनों परिवारों में घनिष्ठ संबंध थे| मृतका नीलम देवी ने अपनी लड़की की शादी में अभियुक्त से कुछ पैसे उधार लिए थे।
एसपी ने बताया कि,''अभियुक्त पैसे लौटाने के लिए दबाव बना रहा था| दोनों पक्षों में कुछ दिन पहले विवाद हुआ। कल अभियुक्त ने मृतका पर धारदार हथियार से हमला किया जिससे वे गंभीर रूप से ज़ख्मी हो गई और इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों के बयान पर दोनों अभियुक्त भाइयों पर केस दर्ज़ किया गया है। एक अभियुक्त की गिरफ़्तारी हो चुकी है|
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया,''महिला व अभियुक्त में घनिष्ठ संबंध था, इसमें कुछ शरारती तत्व के द्वारा अफवाह फैलाई गई थी लेकिन ऐसी कोई बात नहीं है। आगे की कार्रवाई जारी है। केस की गंभीरता को देखते हुए SDPO व बाकी के अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया। बाकी की जानकारी प्राप्त की जा रही है|