भोपाल: उज्जैन नाबालिग दुष्कर्म मामले पर मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार की शाम को कहा, "मैं इससे दुखी हूं। मध्य प्रदेश में एक लड़की का रेप होता है और वो उसी हालत में 8 किमी पैदल चलती है लेकिन मदद करने वाला कोई नहीं मिलता। ये हम लोग के लिए शर्म की बात है और मैं मध्य प्रदेश का नागरिक होने के नाते सभी मानव समाज से माफी मांगता हूं और आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए|
उज्जैन में 12 साल की बच्ची से रेप की घटना पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने शुक्रवार को बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा, "ये महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं, एक दलित बच्ची के साथ रेप हुआ... प्रधानमंत्री के मुंह से एक शब्द नहीं निकला। अमित शाह मौन हैं। देश की महिला बाल विकास मंत्री मुहूर्त और समय देखकर सिर्फ राहुल गांधी के खिलाफ बोलती हैं, अब चुप हैं। महिला आयोग चुप है, बाल संरक्षण आयोग चुप है, NCPCR चुप है|
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "मुझे लगता है कि ये एक सभ्य समाज का मुद्दा है...मुझे समाज से भी शिकायत है, मुझे उन लोगों से शिकायत है जिसने उस बच्ची को 8 किलोमीटर के दायरे में देखा और मदद नहीं की। उस बच्ची को बदन ढकने के लिए एक वस्त्र तक नहीं दिया। ये सिर्फ चुनावी मुद्दा नहीं है। तेरा रेप VS मेरा रेप की राजनीति बंद कर दीजिए। राजस्थान, बंगाल, बिहार, यूपी, मध्य प्रदेश कहीं भी महिला के खिलाफ अत्याचार होता है तो वह गलत है, पाप है। पुलिस और प्रशासन क्या करता है सारी बात इस पर टिक जाती है। मध्य प्रदेश में ऐसा हुआ तो उसे भिखारी और दिमागी रूप से विक्षिप्त बता दिया जाता है, किसी और राज्य में ऐसा हुआ है?"
आपको बता दें कि, एक 12 वर्षीय नाबालिग को अर्धनग्न अवस्था में बड़नगर रोड स्थित मुरलीपुरा क्षेत्र की एक कॉलोनी में (दांडी आश्रम के पास)घूमती मिली थी। उसके कपड़े खून से सने थे| घटना बुधवार की महाकाल थाना क्षेत्र की है।
दरअसल, 12 वर्षीय बच्ची की मानवता को शर्मसार करने वाली सीसीटीवी फुटेज सामने आई थी, जिसमें वह बिना कपड़ों के खून से लथपथ मदद मांगने के लिए शहर की गलियों में लगभग तीन घंटों तक दर-दर भकटकी रही। जिसके बाद अंत में एक स्थानीय आश्रम के पुजारी राहुल शर्मा ने उसकी मदद की थी। इसके बाद महाकाल थाना पुलिस को जब डायल 100 की मदद से सूचना मिली, जिसके बाद वे उसे तुरंत उसे थाने लाए। गंभीर हालत होने के कारण उसे मेडिकल हेतु चरक अस्पताल भेज दिया गया। बच्ची की हालत ज्यादा गंभीर होने की वजह से उसे इंदौर अस्पताल रेफर कर दिया गया था। जहां ऑपरेशन के बाद हालत में सुधार है।
12 साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 72 घंटे के अंदर ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है| वहीं आरोपी ऑटो ड्राइवर भरत सोनी ने अपना जुर्म भी कुबूल लिया है|
उज्जैन दुष्कर्म मामले पर महाकाल थाना प्रभारी अजय वर्मा ने शुक्रवार को कहा, "हमने उसको कोर्ट में पेश किया है और आरोपी का 7 दिन का न्यायिक रिमांड लिया है। अभी उसका इलाज होगा जिसके बाद हम पुलिस रिमांड लेंगे। हम इसे इंदौर इलाज के लिए लेकर जाएंगे... कोर्ट ने कहा है कि हम 15 दिनों बाद पुलिस रिमांड देंगे|
महाकाल थाने के टीआई ने बच्ची को लिया गोद , उठाएंगे पढ़ाई-लिखाई का जिम्मा
उज्जैन नाबालिग दुष्कर्म मामले पर उज्जैन SP सचिन शर्मा ने बताया, "महाकाल थाने के टीआई अजय वर्मा ने यह फैसला लिया है कि वे बच्ची को गोद लेंगे और बच्ची के लिखाई-पढ़ाई का जितना भी खर्चा होगा वे उसको वहन करेंगे।"
महाकाल थाना प्रभारी अजय वर्मा ने कहा, "मैंने बच्ची के स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा और विवाह की बात उठाई है कि मैं बच्ची की मदद करुंगा। मेरे इस संकल्प के साथ काफी लोग साथ आए हैं। मैंने पूर्व में भी एक नागदा की महिला सोफिया का दायित्व उठाया है था जिसे उसके पति ने छोड़ दिया था...।"
उज्जैन में 12 साल की बच्ची से रेप की घटना पर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, "उज्जैन में हमारे मुख्यमंत्री ने केवल सख्त बयान दिया, ना केवल इस घटना का खंडन किया बल्कि मुख्य आरोपी सहित 4-5 आरोपियों को पकड़ा गया है। ये भी कहा गया है कि सख्ती से इन पर कार्रवाई होगी।"
उज्जैन में 12 साल की बच्ची से रेप की घटना पर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा, "मैं आश्रम का आभार व्यक्त करती हूं जिसने पीड़िता की मदद की और उसे अस्पताल ले गए, पुलिस को सूचना दी। मैं उम्मीद करूंगी कि समाज पीड़ितों के प्रति अधिक दयालु हो। मामला संज्ञान में आने पर प्रशासन हरकत में आया, लेकिन मैं उम्मीद करती हूं कि हर कोई पीड़ितों के प्रति दयालु होगा और ऐसे मामलों में सहानुभूति रखेगा। आगे आएं और उन लड़कियों का समर्थन करें जो ऐसी चीजों से पीड़ित हैं।