नई दिल्ली: दिल्ली के भोगल इलाके में एक गहने की दुकान से करीब 25 करोड़ रुपए की चोरी का मामला सामने आया था। भोगल ज्वेलरी दुकान से 25 करोड़ की चोरी मामले में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर पुलिस की टीम ने दुर्ग से दो लोगों को हिरासत में लिया है| इनमे से एक आरोपी का नाम लोकेश तो दूसरे का नाम शिवा है| हिरासत में लिए गए दोनों आरोपी भिलाई के रहने वाले हैं। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक आरोपी के पास से 12.50 लाख रुपये नकद और 18 किलो से अधिक सोना और हीरे जब्त किए गए हैं।
बता दें कि,26 सितंबर की देर रात अज्ञात लोगों ने दिल्ली के भोगल इलाके के उमराव सिंह ज्वैलर्स के शोरूम से 25 करोड़ रुपये के ज्वेलरी की चोरी हुई थी| चोर गहने के शोरूम की छत काटकर अंदर दाखिल हुए और स्ट्रांग रूम की दीवार में सेंध लगाकर करोड़ों के सोने और हीरे के गहने लेकर चंपत हो गए थे|
भोगल ज्वेलरी दुकान में चोरी मामले में बिलासपुर के एसपी संतोष सिंह ने शुक्रवार को कहा, "दुर्ग में एक आरोपी से 12.50 लाख रुपए नकद और 18 किलो से अधिक सोना और हीरे जब्त किए गए हैं।"
एसपी संतोष सिंह ने कहा, " दुर्ग में रात को रेड की कार्रवाई की गई जिसमें लोकेश नामक चोर को पकड़ा गया, कल उसके एक साथी को पकड़ा गया जिसके पास से 23 लाख का सामान, ज्वेलेरी और कैश मिला था लेकिन वह भाग गया था। बाद में उसके घर से 12.5 लाख कैश मिला। दिल्ली में एक बड़ी चोरी हुई थी, उस चोरी का भी लगभग 18.5 किलो सोना और डायमंड ज्वेलेरी मिला है... इनका अंतर्राज्यीय गिरोह हो सकता है
दुर्ग सिटी ASP के संजय कुमार ने कहा, "ध्रुव छत्तीसगढ़ पुलिस और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। कुछ दिन पहले दिल्ली में चोरी की घटना हुई थी जिसे अब सुलझा लिया गया है... आरोपी एक हाई प्रोफाइल चोर था... आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है|
भोगल ज्वेलरी दुकान में चोरी मामले में दिल्ली पुलिस का कहना है कि छत्तीसगढ़ से 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनसे पूछताछ जारी है।
दिल्ली (दक्षिण पूर्व) के DCP राजेश देव ने बताया, "दुर्ग पुलिस क्राइम ब्रांच पुलिस अधिकारी ने हमारे पुलिस अधिकारी को सूचना दी कि पूछताछ के दौरान एक व्यक्ति ने अपने साथी को कहा था कि वे दिल्ली कोई बड़ा काम करने जा रहे हैं। इस साथी का नाम लोकेश बताया गया है जिसे हमने पकड़ लिया है। हमारे पास इस लोकेश की फोटो दुर्ग से आई थी और हमारे पास सूत्रों के हवाले से जो फोटो आई वह फोटो एक संदिग्ध व्यक्ति से मिल रही थी। टेक्निकल सर्वे से यह साबित हुआ कि लोकेश की लोकेशन 24 की रात संदिग्ध थी। हमने कल ही एक टीम भिलाई भेजी जहां उसकी लोकेशन हमें पता चली थी। बिलासपुर की पुलिस भी इस लोकेश की खोज कर रही थी। हमने इसे आज सुबह पकड़ा है... हमारी जांच के मुताबिक लोकेश यहां 2-3 बार आया है और रेकी की है।"