भोपाल: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) रिश्वतखोरी के एक मामले में मध्य प्रदेश के भोपाल सहित कई शहरों में छापेमारी कर रहा है। मध्य प्रदेश के बड़े कंस्ट्रक्शन कारोबारी, उद्योगपति और होटल व्यवसायी दिलीप सूर्यवंशी के प्रतिष्ठानों पर शुक्रवार सुबह सीबीआई की टीम ने दबिश दी| जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे आथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के अधिकारी को रिश्वत देने के मामले में पूछताछ करने सीबीआई की टीम भोपाल आई है|
जानकारी के अनुसार,''भोपाल स्थित दिलीप बिल्डकॉन के ऑफिस और घर पर कार्रवाई चल रही है। बताया जा रहा है कि करोड़ों रुपये के टैक्स चोरी मामले में यह छापेमारी सीबीआई कर रही है। आधिकारिक रूप से अभी कोई जानकारी दोनों एजेंसियों की तरफ से नहीं दी गई है। दिलीप बिल्डकॉन की गिनती एमपी के बड़े कारोबारियों में होती है।
बताया जा रहा है कि अधिकारियों ने कंपनी के ठिकानों पर रात दो बजे छापेमारी शुरू की है। छापेमारी के लिए टीम दिल्ली से आई थी। दिलीप बिल्डकॉन ने हाल ही में भोपाल होटल ताज का निर्माण करवाया है। साथ ही इस ग्रुप के पास भोपाल में मेट्रो निर्माण का भी काम है। कंपनी शेयर बाजार में लिस्टेड है।
जानकारी के अनुसार सीबआई की टीम दिल्ली से आई है और स्थानीय टीम को भी इसकी सूचना नहीं दी गई थी| कार्रवाई इतनी गुप्त तरीके से की गई कि औपचारिक तौर पर कुछ भी सामने नहीं आ सका| सीबीआई शाम तक मामले में औपचारिक बयान दे सकती है| खबरों के मुताबिक यह कार्रवाई एनएचआई रिश्वत कांड को लेकर चल रही है। दिलीप बिल्डकॉन कंपनी के अधिकारी को एनएचआई अफसर को रिश्वत देते पकड़े जाने की खबर है। उसी की जांच सीबीआई कर रही है। इसी मामले में दिलीप बिल्डकॉन के दफ्तर पर छापेमारी हो रही है।