MP Assembly Elections 2023: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ ने आज मंगलवार को कहा, ''समय आ गया है जब झूठ और घोषणाओं की मशीन बंद होने वाली है। मध्य प्रदेश की जनता शिवराज सिंह को विदा करेगी जिन्होंने पिछले 18 साल में हमारे प्रदेश को चौपट प्रदेश बना दिया है। मध्य प्रदेश की जनता त्रस्त है। हर वर्ग दुखी है। इसका एहसास भाजपा और शिवराज सिंह चौहान को भी हो गया है। उसके पास कहने को कुछ नहीं है।"
कमल नाथ के इस बयान पर भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, "वे शायद गलतफहमी में जी रहे हैं। प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है...मध्य प्रदेश की जनता हमेशा ही भाजपा और शिवराज सिंह के साथ रही है...यह मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ की गलतफहमी है, इसे जल्द ही दूर कर लिया जाएगा।"
बता दें कि , मध्यप्रदेश में चुनावी बिगुल सोमवार (09 अक्टूबर) को बज गया। मध्यप्रदेश में एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। मध्यप्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 दिसंबर को होगी।
मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शहडोल जिले के ब्यौहारी में 'विशाल जनसभा' को संबोधित करते हुए कहा,''मध्यप्रदेश का भविष्य आपके हाथों में है। आज का भटकता हुआ नौजवान, हमारी सबसे बड़ी चुनौती है। ये चुनाव तय करेगा इन नौजवानों के भविष्य को, ये चुनाव तय करेगा हमारी आगे आने वाली पीढ़ियों को हम कैसे मध्यप्रदेश सौंपना चाहते हैं शिवराज जी, अब जनता ने आपको अच्छे से पहचान लिया है और 35 दिन में आपका दबाने, छिपाने, घबराने का कार्यालय समाप्त होने जा रहा है। ये जनता आपको बड़े प्यार से विदा करेगी और फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी।
कमल नाथ ने कहा, ''कहने को विधानसभा के चुनाव का परिणाम भले 3 दिसंबर को आयेगा लेकिन भाजपाइयों को तो पहले से ही मालूम है कि उनकी हार पक्की है। इसीलिए सुनने में आया है कि कल से ही भाजपा के मंत्रियों और विधायकों के सरकारी आवासों की दीवारों से तस्वीरें उतरना शुरू हो गयी हैं और उन्होंने निकासी के लिए पहले से ही प्रबंध करने शुरू कर दिये हैं और सामान बटोरने का ये काम बड़े ध्यान से करवा रहे हैं क्योंकि उन्हें डर है कि कहीं उनके कारनामों की कोई फाइल पीछे न छूट जाए। जनता भाजपा से कह रही है आप परेशान न हों, हम ही आपका बोरिया-बिस्तर बांध देंगे।