भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा उपचुनाव की 28 सीटों के लिए मतदान समाप्त हो गया है। चुनाव आयोग के अनुसार राज्य में कुल 66.37 फीसदी मतदान हुआ है। बता दें कि इस चुनाव में 355 उम्मीदवार मैदान में हैं। कोरोना महामारी के रोकथाम के दिशा-निर्देशों के साथ मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चला।
उपचुनाव की 28 सीटों पर मतदान समाप्त होने के बाद पूर्व मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मतदाताओं का आभार जताया है| कमलनाथ ने कहा,''प्रदेश के 28 उपचुनावो के क्षेत्रों के मतदाताओं का आभार। कोरोना काल के बावजूद भी उन्होंने अभूतपूर्व उत्साह दिखाते हुए बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया , अपने कर्तव्य का पालन किया , तमाम अनैतिक हथकंडो को करारा जवाब दिया। यह चुनाव जनता का चुनाव था , जनता ने खुद इसे लड़ा।
उन्होंने कहा,''10 नवंबर को जनता की सरकार बनना तय है। लोकतंत्र व संविधान के हत्यारों को जवाब मिलना तय है। यह चुनाव निश्चित ही प्रदेश की दशा-दिशा तय करेगा , इसका परिणाम देश भर में एक संदेश के रूप में होगा , सच्चाई की हर हाल में जीत होगी।
पूर्व CM कमलनाथ ने कहा,''10 तारीख के बाद सिंधिया जी आरोप लगाएंगे कि हम जो हारे हैं वो भाजपा की वजह से हारे हैं और भाजपा कहेगी कि जहां हम हारे हैं हम सिंधिया जी के कारण हारे हैं|
पूर्व CM ने कहा,'ये चुनाव सच्चाई और झूठ का था। भाजपा की जो राजनीति है जिस प्रकार उन्होंने जनता को गुमराह करने का प्रयास किया। हमारे मतदाताओं ने ये पूरी बात समझी। मतदान का प्रतिशत वोट डालने के उत्साह को दर्शाता है। मुझे विश्वास है कि 10 तारीख को म.प्र. की आवाज पूरे देश में गूंजेगी| कमलनाथ ने कहा,'भाजपा ने पिछले तीन दिनों में पैसा, प्रशासन, शराब, पुलिस का प्रयोग किया है। भाजपा नेता बिकाऊ थे मतदाता बिकाऊ नहीं है। ये स्पष्ट करता है कि भाजपा बौखलाई हुई है। हमने चुनाव आयोग से मेहगांव और सुमावली में दोबारा मतदान की मांग की है|
जीतू पटवारी ने कहा,'प्रदेश की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस के पक्ष में बंपर मतदान करने के लिये सभी मतदाताओं का हृदय से आभार एवं सभी कांग्रेस परिवारजनों का अटूट मेहनत के लिए धन्यवाद..I