मध्यप्रदेश में हुए 28 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के लिए नतीजे आना शुरू हो गए हैं। भाजपा 19 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है वहीं, कांग्रेस को आठ सीटों पर जीत हासिल हुई है। एक सीट का नतीजा आना अभी बाकी है।
Mp By-Poll Election Results 2020 Live Updates:
करेरा विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी की जीत: करेरा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी परागीलाल जाटव ने जीत हासिल की है। उन्होंने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी जसमंत सिंह छित्री को 30,641 मतों के अंतर से हराया। परागीलाल को 95,468 वोट मिले वहीं जसमंत को 64,876 मत मिले।
जनता ने सिंधिया और उनके समर्थकों का स्वागत किया: शिवराज: मध्यप्रदेश में विधानसभा की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में मंगलवार को शुरुआती जीत के साथ 230 सदस्यीय सदन में बहुमत हासिल करने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा की इस जीत से साबित हो गया है कि जनता तत्कालीन कमलनाथ सरकार को गिराने के ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके साथी कांग्रेस विधायकों के कदम का स्वागत करती है।
मणिपुर उपचुनाव: चार सीटों पर भाजपा और एक पर निर्दलीय की जीत: मणिपुर की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा के खाते में चार सीटें आई हैं। वहीं, एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। लिलोंग विधानसभा सीट पर निर्दलीय वाई अंतस खान ने 3078 वोट के अंतर से जीत हासिल की। वहीं, वांगोई सीट पर भाजपा के ओइनम लुखोई सिंह 257 वोट के अंतर से जीते। वांगजिंग तेंथा सीट पर भाजपा के पाओनम ब्रोजन सिंह ने 1560 मतों के अंतर से जीते। सैतु सीट से भाजपा के गामथांग हाओकिप ने 12,257 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। इसके अलावा सिंघाट सीट से भाजपा उम्मीदवार गिनसुआनहाउ ने जीत हासिल की।
भाजपा की शानदार जीत पर गृह मंत्री शाह ने दी बधाई: राज्य की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन पर गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मध्यप्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा कि प्रदेश की जनता का भाजपा की विकास नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व शिवराज सिंह चौहान की जोड़ी में विश्वास व्यक्त करने के लिए धन्यवाद देता हूं।
मुरैना विधानसभा सीट पर कांग्रेस के राकेश मवई को जीत: मुरैना विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राकेश मवई ने 5751 वोट के अंतर से जीत हासिल की है। मवई ने 52,550 वोट हासिल किए। कांग्रेस की यह राज्य की सातवीं सीट पर जीत है। वहीं, दूसरे स्थान पर रहे भाजपा प्रत्याशी को 46,909 वोट मिले। तीसरे स्थान पर रहे बसपा के रामप्रकाश राजौरिया को 42,388 वोट मिले। इसके साथ ही बसपा का खाता भी नहीं खुल सका। यही एकमात्र सीट थी, जिसपर मतगणना के शुरुआती दौर में बसपा प्रत्याशी ने बढ़त बनाई थी।
भाजपा उम्मीदवार इमरती देवी को मिली हार: राज्य में उपचुनाव के दौरान खासी चर्चा में रहीं भाजपा उम्मीदवार इमरती देवी को हार का सामना करना पड़ा है। राज्य में महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी डबरा विधानसभा से चुनावी मैदान में थीं। उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार सुरेश राजे के हाथों हार का मुह देखना पड़ा। इसके साथ ही कांग्रेस को अब तक छह सीटों पर जीत मिल गई है। बता दें कि इमरती देवी तब चर्चा में आई थीं जब कांग्रेस नेता कमलनाथ ने एक कार्यक्रम में उन्हें 'आइटम' कह दिया था।
उपचुनाव के परिणामों को लेकर भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि मैं भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हूं। मैं राज्य की जनता के प्रति आभारी हूं कि उन्होंने पार्टी के पक्ष में स्पष्ट समर्थन दिया। परिणामों ने सिद्ध कर दिया है कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह गद्दार हैं। सिधिया ने कहा, ईवीएम पर सवाल उठाकर जनादेश को अस्वीकार करना कांग्रेस की आदत बन चुकी है। अगर वह ऐसा ही करते रहेंगे तो वह वहीं रह जाएंगे जहां है या हो सकता है कि उनकी स्थिति इससे भी ज्यादा बिगड़ जाए।
सुमौली विधानसभा सीट पर कांग्रेस के अजब सिंह जीते: राज्य की सुमौली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अजब सिंह कुशवाह ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार और राज्य सरकार में मंत्री ऐदल सिंह कंसाना को 10947 वोट के अंतर से मात दी। मतगणना के दौरान दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखा गया, हालांकि, कुशवाह ने बढ़त बनाए रखी थी। इसके साथ ही अभी तक कांग्रेस के खाते में पांच सीटें आ गई हैं।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा,''मप्र विधानसभा उपचुनावों में विजयी हुए भारतीय जनता पार्टी के सभी प्रत्याशियों को हार्दिक शुभकामनाएं। वहीं सभी देवतुल्य मतदाताओं का हृदय से आभार। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी विजयी उम्मीदवार जनसेवा और अपने विधानसभा क्षेत्र के समुचित विकास के लिए सदैव तत्पर रहेंगे|
-मध्यप्रदेश विधानसभा की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा 20 सीटों पर आगे है, वहीं कांग्रेस 7 और बहुजन समाज पार्टी 1 सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
-मध्य प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के शुरुआती रुझानों पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा,''प्रजातंत्र में मतदाताओं का जो भी निर्णय होता है वो स्वीकार करते हैं। जैसे नतीजे आएंगे हम उसे स्वीकार करेंगे|
-चुनाव आयोग के मुताबिक मध्यप्रदेश विधानसभा की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 19 सीटों पर बढ़त है, वहीं कांग्रेस 8 और बहुजन समाज पार्टी 1 सीट पर आगे चल रही है|
-भारतीय जनता पार्टी की सरकार बहुमत के साथ बनने जा रही है: मध्य प्रदेश उपचुनाव के शुरुआती रुझानों पर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा
-चुनाव आयोग के मुताबिक मध्यप्रदेश विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी 16 सीटों पर आगे चल रही है, कांग्रेस 8 सीटों और बहुजन समाज पार्टी एक सीट पर बढ़त बनाये हुए है।
-मध्य प्रदेश विधानसभा उपचुनाव: मध्य प्रदेश में 12 सीटों पर भाजपा, 9 सीटों पर कांग्रेस और एक सीट पर बहुजन समाज पार्टी आगे चल रही है।
-मध्यप्रदेश विधानसभा उपचुनाव: 28 सीटों में से 14 सीटों पर भाजपा, 5 सीटों पर कांग्रेस और एक सीट पर बहुजन समाज पार्टी आगे चल रही है।
-भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक 28 सीटों में से 6 सीटों पर भाजपा और 2 सीटों पर कांग्रेस पार्टी आगे चल रही है।
-मध्य प्रदेश: मुरैना के एक मतगणना केंद्र पर मतगणना चल रही है। विधानसभा की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों की घोषणा आज होगी।
-मध्य प्रदेश विधानसभा की 28 सीटों में से 2 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। मध्य प्रदेश विधानसभा की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों की घोषणा आज होगी।
-मध्य प्रदेश: ग्वालियर के एक मतगणना केंद्र पर मध्य प्रदेश उपचुनावों की मतगणना चल रही है। आज मध्य प्रदेश विधानसभा की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों की घोषणा होगी।
08:02 AM, 10-NOV-2020: मध्य प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है।\
-ईवीएम के साथ ही डाक मतपत्र गिने जाएंगे। इस बार 27 हजार उन मतदाताओं ने डाक मतपत्रों से मताधिकार का उपयोग किया जो 80 साल से अधिक आयु, निशक्तजन या कोरोना संक्रमित या संदिग्ध थे। इस उपचुनाव में 12 मौजूदा मंत्रियों का भविष्य दांव पर है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए 22 विधायकों में से 12 इस समय सरकार में मंत्री हैं, दो पूर्व मंत्री भी मैदान में हैं।
-उपचुनाव की घोषणा होने के बाद दमोह से कांग्रेस के विधायक राहुल लोधी भी त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल हो गए। सदन की प्रभावी संख्या 229 के आधार पर बहुमत का जादुई आंकड़ा 115 का होता है। भाजपा को इस आंकड़े को पाने के लिए आठ सीट की जरूरत है जबकि कांग्रेस को सभी 28 सीटें जीतना जरूरी है।
-मध्यप्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में वर्तमान में भाजपा के 107, कांग्रेस के 87, बसपा के दो, सपा का एक और चार निर्दलीय विधायक हैं। बहुमत के लिए भाजपा को सिर्फ आठ विधायकों की जरूरत है।
-मध्यप्रदेश की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना आज होगी। मतगणना सुबह आठ बजे से 19 जिला मुख्यालयों पर होगी। सुरक्षा के लिए ग्वालियर-भिंड और मुरैना में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
-मध्यप्रदेश उपचुनाव की 28 सीटें सिर्फ भाजपा सरकार बचाने के लिहाज से ही अहम नहीं है, बल्कि इनसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया का राजनीतिक भविष्य भी तय होगा। वैसे तो शिवराज सरकार को बचाए रखने के लिए भाजपा को सिर्फ आठ सीटों की जरूरत है। इन्हें पाना आसान भी दिख रहा है, लेकिन पार्टी का लक्ष्य कम से कम 20 सीटें हासिल करने का है।