बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में किसान पंचायत को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी सरकार पर करारा प्रहार किया है| प्रियंका गांधी ने कहा, 'मैं भाषण देने नहीं बल्कि आप लोगों से बातचीत करने आई हूँ। क्योंकि मेरी समझ है कि नेता और जनता के बीच में एक खास रिश्ता होता है। आप हमें बनाते हैं, हम उस पर खड़े होते हैं तो खड़े करने वाले भी आप हैं|आपके और हमारे बीच में एक भरोसे का रिश्ता होता है। वो जो भरोसा होता है उसी के बल पर आप एक नेता को आगे बढ़ाते हैं क्योंकि आप सोचते हैं, आपको एहसास होता है कि वह आपके पक्ष में बोलेगा,आपकी समस्याओं को सुनेगा|
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा,'कभी-कभी मन में यह बात आती है कि हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जनता ने दो-दो बार क्यों जिताया। इसीलिए जिताया होगा क्योंकि जनता के मन में उम्मीद रही होगी, कुछ भरोसा रहा होगा कि वो आपके लिए काम करेंगे| मोदी जी अपने चुनाव में जहां भी गए वहाँ किसानों की, बेरोजगारी की बात की कि उसे दूर करेंगे, आपकी आय दोगुनी करेंगे, ऐसी-ऐसी नीतियां लाएंगे जिसे खुशहाली होगी। लेकिन क्या हुआ? असलियत तो यह है कि उनके राज में ऐसा कुछ नहीं हुआ|
प्रियंका गांधी ने कहा,''आप बताइए क्या आपकी आय दोगुनी हुई है ? क्या गन्ने का दाम 2017 से बढ़ा है? सरकार ने आज भी जो निर्णय लिया है क्या उसमें गन्ने के दाम बढ़ाए हैं?.. आप बकाया कितना है? आपको मालूम होगा कि यूपी के किसानों का, गन्ने के किसानों का ₹10 हज़ार करोड़ बकाया है। अगर देश भर में गन्ने के किसानों का बकाया देखा जाए तो ₹15 हज़ार करोड़ का है|
प्रियंका गांधी ने कहा,'अब आप सोच सकते हैं कि ये ऐसे प्रधानमंत्री हैं कि आपका बकाया आज तक पूरा नहीं किया लेकिन अपने लिए, दुनिया में भ्रमण करने के लिए इन्होंने दो हवाई जहाज खरीदे हैं| आप जानते हैं कि इन दो हवाई जहाजों की कीमत 16 हज़ार करोड़ रुपए है। जबकि 15 हज़ार करोड़ रुपए में वो इस देश के एक-एक गन्ने के किसानों का बकाया वापिस कर सकते थे|
कांग्रेस महासचिव ने कहा,''दिल्ली में संसद भवन के सौंदर्यीकरण की एक बहुत बड़ी योजना बनी है। जिसकी कीमत ₹20 हज़ार करोड़ है। संसद भवन के सौंदर्यीकरण के लिए ₹20 हज़ार करोड़ हैं लेकिन देश के किसानों का बकाया माफ करने के लिए ₹15 हज़ार करोड़ नहीं हैं|
प्रियंका गांधी ने कहा,'जो भरोसा आपने किया था वह टूट चुका है। एक शायर ने कहा था कि - "भगवान का सौदा करता है, इंसान की कीमत क्या जानें... जो गन्ने की कीमत दे ना सका, वो जान की कीमत क्या जाने"..
कांग्रेस महासचिव ने कहा,''प्रधानमंत्री कहते हैं कि ये कानून किसानों की भलाई के लिए हैं। ठीक है मान लेते हैं। अगर ये कानून किसान की भलाई के लिए हैं तो किसान क्यों नहीं मान रहे। किसान तो कह रहे कि हमें नहीं चाहिए। तो आप इन क़ानूनों को वापस क्यों नहीं लेते | क्या आप किसी की भलाई जबरदस्ती करते हैं? क्या आपकी समझ इस देश के करोड़ों किसानों की समझ से ज्यादा है? क्या ये नहीं जानते कि इनकी भलाई के लिए क्या सही है और क्या नहीं? ..
प्रियंका गांधी ने कहा,1955 में पंडित जवाहरलाल नेहरू ने जमाखोरी के खिलाफ कानून लड़ा था क्योंकि जमाखोरी के चलते किसान पिस रहा था। आज जो पहला कानून बना उससे इस सरकार ने जमाखोरी करने की पूरी अनुमति दे दी| यह तीनों कानून किसानों के लिए नहीं बल्कि इनके पूंजीपति मित्रों के लिए बनाए गए हैं। देश देख रहा है कि इतने सालों में क्या हो रहा है और क्या नहीं|
प्रियंका गांधी ने कहा,इन्हीं के पूंजीपति मित्र सारी मीडिया चलाते हैं। इन्हीं के पूंजीपति मित्रों के द्वारा इनके चुनाव चलते हैं और इन्हीं के पूंजीपति मित्रों को पूरा देश सौंप दिया गया है| हमारे किसान जो आपसे सिर्फ यह मांग करते हैं आप हमसे आकर बात कीजिए। आप दुनिया घूम लिए लेकिन कुछ किलोमीटर दूर किसानों से बात करने, उनकी सुनवाई करने नहीं जा पाए|
प्रियंका गांधी ने कहा,'किसानों से बात करने के बजाय आपने संसद में खड़े होकर उनका मज़ाक उड़ाया, उन्हीं किसानों को आपने एक नया नाम दिया - आंदोलनजीवी -परजीवी| मोदी जी पहचान ही नहीं पाए कि देशभक्त और देशद्रोही में फर्क क्या है? ...
प्रियंका गांधी ने कहा,'मैं एक शहीद के परिवार की बेटी हूँ। शहादत बहुत बड़ी चीज़ होती है। शहादत को झेलने वाला, जो शहीद है वो नहीं बल्कि उसका परिवार होता है| एक शहीद का मज़ाक उड़ाने का अधिकार किसी को नहीं होता है। फिर चाहे वो मंत्री हो, इस देश का प्रधानमंत्री या कोई भी हो। जो अपने अधिकार के लिए शहीद हुआ है वो पाक होता है| मोदी जी जो किसान आपके दरवाजे पर खड़ा है, जिसका अपमान आप कर रहे हैं उसी का बेटा आपकी सुरक्षा के लिए सीमा पर तैनात है| ये जो कानून अपने बनाए हैं जिसके कारण इस देश का किसान, गरीब संकट में है, रो रहा है, अपने अधिकार मांग रहा है। इसलिए इन कानूनों को रद्द कीजिए और जिन्होंने आपको सत्ता दी है उनका आदर कीजिए, अपमानित मत कीजिए|
"राहुल गाँधी आपके साथ हैं।
कांग्रेस पार्टी का एक-एक नेता आपके साथ है।
एक-एक कार्यकर्ता आपके साथ है। और मैं आपको आज यहाँ यह कहने आई हूं की मैं आपका साथ नहीं छोडूंगी। जब - जब आप संकट में होंगे मैं आपके पास आऊंगी और मेरी जात, मेरा धर्म आप हैं: प्रियंका गांधी