मुंबई: अभिनेता इरफान खान का मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में निधन| अभिनेता इरफान खान का 54 साल की उम्र में मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में कैंसर से निधन हो गया। जिस वक़्त उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली उस वक़्त वो अपने परिवार के सदस्यों से घिरे हुए थे|
इरफान खान की तबीयत अचानक खराब होने की वजह से उन्हें मंगलवार को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल के आईसीयू में एडमिट किया गया था। उन्हें कोलन इंफेक्शन की वजह से भर्ती कराया गया था।इरफान खान की मौत की खबर ट्विटर पर फिल्म निर्माता शूजीत सरकार ने शेयर की। उन्होंने लिखा, 'मेरे प्रिय मित्र इरफान, आप लड़े, लड़े और लड़े। मुझे आप पर हमेशा गर्व रहेगा.. हम फिर से मिलेंगे। शांति और ओम शांति। इरफान खान को सलाम।
एक्टर इरफान खान (Irrfan Khan) अपने इलाज के कारण काफी दिनों तक बॉलीवुड से भी दूर रहे थे| हालांकि, लंदन से स्वस्थ होकर लौटने के बाद उन्होंने बॉलीवुड में वापसी की और अंग्रेजी मीडियम की शूटिंग भी की थी| एक्टर की यह फिल्म इसी साल 13 मार्च को रिलीज हुई थी, जिसमें इरफान खान के साथ राधिका मदान और एक्ट्रेस करीना कपूर भी मुख्य भूमिका में नजर आई थीं| फिल्म के कॉन्सेप्ट तो दर्शकों का दिल जीता ही था, साथ ही इरफान खान की एक्टिंग भी लोगों को काफी पसंद आई थी|
बता दें कि हाल ही में इरफान की मां का निधन हुआ है। अभिनेता की मां सईदा बेगम ने शनिवार को जयपुर में अंतिम सांस ली। हालांकि, देशव्यापी लॉकडाउन के बीच इरफान मां के अंतिम संस्कार में नहीं जा पाए। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही अपनी ओर से प्रार्थना की थी।