मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को क्रिसमस के दिन सांप ने काट लिया था। सलमान अपने पनवेल फार्म हाउस में क्रिसमस सेलिब्रेट करने गए थे, जहां उन्हें सांप ने काटा। इसके बाद फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंता जताने लगे। हालांकि अब खुद सलमान का बयान आया है कि जहरीले सांप ने उन्हें तीन बार काटा था। इलाज के बाद उनकी तबीयत ठीक है।
सांप के काटने पर अभिनेता सलमान खान ने बताया, 'मेरे फार्महाउस में एक सांप घुस आया था। मैं उसे लाठी की मदद से बाहर लेकर जा रहा था, लेकिन वो धीरे-धीरे मेरे हाथ पर आ गया। फिर मैंने उसे पकड़कर हटाना चाहा, लेकिन इसी दौरान उसने मुझे तीन बार काट लिया। वह एक जहरीला सांप था। सांप काटने के बाद मैं 6 घंटे तक अस्पताल में भर्ती रहा..., हालांकि, अब मैं ठीक हूं।'
क्रिसमस सेलिब्रेट करने फार्म हाउस गए थे सलमान
25 दिसंबर को सलमान परिवार समेत क्रिसमस मनाने पनवेल स्थित अपने फार्म हाउस पर गए थे। वहां देर रात उन्हें सांप ने काट लिया था। इसके बाद रात 3 बजे उन्हें कमोठे MGM अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद सलमान को डिस्चार्ज भी कर दिया गया। पनवेल इलाका पहाड़ियों और जंगल से घिरा है, यहां सांप और अजगर अक्सर दिखाई देते हैं।