चंडीगढ़: हरियाणा में कोरोना वायरस और नए वेरिएंट ओमीक्रोन के खतरे को देखते हुए मनोहर लाल खट्टर सरकार ने 26 जनवरी तक स्कूल और कॉलेजों को बंद रखने का फैसला किया है| हरियाणा में कोरोना के तेजी से बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रदेश सरकार ने 26 जनवरी तक स्कूल-कालेजों को बंद रखने के आदेश दिए हैं। पहले स्कूल-कालेजों को 12 जनवरी तक बंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन संक्रमण के खतरे को देखते हुए सरकार ने अब गणतंत्र दिवस तक सभी शिक्षण संस्थान बंद करने का निर्णय लिया है। इस दौरान आनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया,''OMICRON के मामलों को देखते हुए हरियाणा सरकार ने सभी स्कूल और कॉलेज को 26 जनवरी तक के लिए बंद किया है और ऑनलाइन क्लास की इजाज़त दी है|
शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने बताया कि शिक्षण संस्थान बंद रहने के बावजूद आनलाइन कक्षाओं के जरिये छात्र-छात्राओं को आगामी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। प्रदेश में कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए तमाम स्कूल तीन जनवरी से बंद चल रहे हैं। चूंकि स्कूलों में हर साल दस दिन के लिए शीतकालीन अवकाश रहते हैं, इसलिए प्रदेश सरकार ने तीन से 12 जनवरी तक की छुटि्टयों को शीतकालीन अवकाश में समायोजित कर दिया था।
नए आदेशों के तहत 26 जनवरी तक सभी स्कूल-कालेजों में आफलाइन पढ़ाई नहीं होगी, बल्कि आनलाइन कक्षाएं चलेंगी। स्कूलों में बच्चों के टीकाकरण शिविर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार चलेंगे। प्रदेश में 15 से 18 साल की उम्र के 15 लाख 40 हजार बच्चों को कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण किया जाना है। इनमें से करीब 45 प्रतिशत किशोर-किशोरियों को कोवैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। स्कूलों में प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर विशेष टीकाकरण शिविर लगाए जा रहे हैं।