नई दिल्ली: पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भतीजे भूपिंदर सिंह हनी को प्रवर्तन निदेशालय(ED) ने अवैध रेत खनन मामले में दिन भर की पूछताछ के बाद गुरुवार शाम को जालंधर से गिरफ्तार किया| ED ने भूपिंदर हनी को जालंधर में पूछताछ के लिए बुलाया था, जहां उससे करीब 7 से 8 घंटे की पूछताछ की गई। जवाबों से ED संतुष्ट नहीं हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे रात करीब 1 बजे मेडिकल जांच के लिए जालंधर अस्पताल ले जाया गया। अब उसे रिमांड में लेकर पूछताछ होगी। हनी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
ED ने 18 जनवरी को भूपिंदर हनी और उसके साथियों के ठिकानों पर मोहाली और लुधियाना में रेड की थी। इस दौरान 10 करोड़ कैश, 12 लाख की रोलैक्स घड़ी, 21 लाख का सोना बरामद किया था। ED ने 8 करोड़ हनी के मोहाली के होमलैंड स्थित घर और 2 करोड़ उसके पार्टनर संदीप के लुधियाना स्थित ठिकाने से बरामद किए थे।
2018 में दर्ज हुआ था केस
यह कार्रवाई 2018 में दर्ज हुए अवैध रेत खनन के केस में की गई थी। यह केस तत्कालीन सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के हवाई दौरे में अवैध रेत खनन पकड़े जाने के बाद हुआ था। पुलिस ने तब रोपड़ के थाने में IPC की धारा 379, 420, 465, 467, 468, 471 और माइन्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।
पूछताछ के बाद हनी तक पहुंची ED
इस मामले में शुरूआती वक्त में कुदरतदीप नाम के व्यक्ति को आरोपी बनाया गया था। इस मामले में पंजाब पुलिस की कार्रवाई के दौरान ही ED ने भी जांच शुरू कर दी। पूछताछ के बाद ED के हाथ भूपिंदर हनी तक पहुंच गए। इसके बाद 18 जनवरी को ED ने ताबड़तोड़ रेड की। जिसके बाद भूपिंदर हनी और उसके साथियों के ठिकानों से करोड़ों की रिकवरी हुई।
CM चेहरे की घोषणा से पहले कार्रवाई
कांग्रेस 6 फरवरी को पंजाब में कांग्रेस का CM चेहरा घोषित करने जा रही है। इसमें नवजोत सिद्धू और CM चरणजीत चन्नी की दावेदारी है। ऐसे में इस कार्रवाई की टाइमिंग को लेकर खूब चर्चा हो रही है। पंजाब कांग्रेस के CM चेहरे की रेस में चन्नी ही सबसे आगे हैं।