चेन्नई: रामेश्वरम में चक्रवाती तूफान बुरेवी के मद्देनज़र तटीय क्षेत्रों में हवाओं के साथ-साथ समुद्र में लहरें भी तेज़ होने लगी हैं। भारत मौसम विभाग के अनुसार बुरेवी आज रात या कल सुबह तक दक्षिणी तमिलनाडु के तट को पम्बन और कन्याकुमारी के बीच से पार करेगा।
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की कुल 26 टीमें चक्रवाती तूफान बुरेवी के मद्देनजर तमिलनाडु और केरल में पहले से तैनात|IMD चेन्नई साउथ ज़ोनल के हेड बालाचंद्रन ने बताया कि,''पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश तमिलनाडु के वेदारण्यम में 20 सें.मी. और कराईकल में 16 सें.मी. दर्ज़ की गई। अगले 24 घंटों में पहाड़ी इलाकों, दक्षिणी तटीय क्षेत्रों और आस-पास के ज़िलों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है|
गृह मंत्री अमित शाह ने चक्रवाती तूफान बुरेवी को लेकर तमिलनाडु और केरल के मुख्यमंत्री से बात की। शाह ने कहा,''मोदी सरकार तमिलनाडु और केरल के लोगों की हर संभव मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है। दोनों राज्यों में पहले ही NDRF की कई टीमें तैनात की गई हैं|
चक्रवाती तूफान बुरेवी के मद्देनजर तमिलनाडु के पंबन पुल पर चक्रवात की चेतावनी वाला पिंजरा लगा दिया गया है। इसके साथ ही केरल, कन्नयाकुमारी, तमिलनाडु और अलाप्पुझा में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों को तैनात किया गया है। आईएमडी ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। 1-4 दिसंबर तक मछली पकड़ने पर रोक लगा दी गई है।
केरल के मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक के संतोष ने बताया कि चक्रवाती तूफान 2 दिसंबर की शाम या रात में श्रीलंका के तट को पार कर जाएगा। इसके साथ ही राज्य के अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का सिलसिला शुरू हो जाएगा। दक्षिण-उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, दक्षिण-उत्तर केरल, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप के कुछ इलाकों में तेज बारिश का अलर्च जारी किया गया है।