रायपुर: Chhattisgarh Assembly Polls 2023: कांग्रेस की पहली सूची जारी होने पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा, "... मुकाबला भाजपा और कांग्रेस का ही होता है, यह सीधी लड़ाई है। भाजपा को चुनाव जीतना है, कांग्रेस के खिलाफ लड़ना है। प्रत्याशी कोई भी हो, गिरीश देवांगन हो या कोई भी हो कोई फर्क नहीं पड़ता।"
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस ने आज रविवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों में से 30 सीटों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपनी परंपरागत पाटन सीट से चुनाव लड़ेंगे| मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार और उनके भतीजे विजय बघेल से होगा।उप-मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को एक बार फिर अंबिकापुर से पार्टी ने टिकट दिया है।
छत्तीसगढ़ के मंत्री शिव कुमार डहरिया ने पार्टी की पहली सूची जारी होने पर कहा, "... इस बार फिर प्रदेश में हमारी सरकार बनेगी... भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बहुत अच्छा काम किया है और इसका परिणाम आगामी चुनाव में देखने को मिलेगा।"
यह भी पढ़ें :कांग्रेस ने जारी की 30 उम्मीदवारों की पहली सूची
छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा, कांग्रेस हाईकमान ने मुझ पर जो भरोसा किया है, उसके लिए मैं सभी को धन्यवाद देता हूं। मैं उनके विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा। अपने क्षेत्र में भारी बहुमत से जीत हासिल करके जनता की सेवा करूं, इसके लिए मैं सदैव प्रयासरत रहूंगा।
हम जीतेंगे: गिरीश देवांगन
छत्तीसगढ़ के पूर्व CM रमन सिंह के खिलाफ राजनांदगांव से चुनावी मैदान में उतारे जाने पर कांग्रेस नेता गिरीश देवांगन ने कहा, "मैं तो पार्टी का सिपाही हूं और पार्टी के सिपाही को जो निर्देश हाईकमान ने दिया है और हमारे नेताओं ने मुझपर जो विश्वास किया है उसके आधार पर मैं राजनांदगांव का चुनाव लड़ने जा रहा हूं और हम जीतेंगे।"
छत्तीसगढ़ में चुनाव दो चरणों में होंगे - पहले चरण का मतदान 7 नवंबर को होगा। दूसरे चरण का मतदान 17 नवंबर को होगा। मतगणना 3 दिसंबर को होगी | छत्तीसगढ़ में 2.03 करोड़ मतदाता हैं...|" इससे पहले , 2018 विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को 68 सीटें मिलीं थीं। वहीं, भाजपा 15 सीटों पर आ गई। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने पांच सीटें जीते थीं, जबकि दो सीटें बसपा के खाते में गई थीं।