नई दिल्ली: आईपीएल 2020: टी20 वर्ल्ड कप 2020 के रद्द होने के बाद आईपीएल 2020 का रास्ता तो पहले ही साफ हो गया था और अब इस पर मुहर भी लग गई कि इस साल आईपीएल 2020 का आयोजन यूएई में होगा। इस बात की पुष्टि आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन बृजेश पटेल ने मंगलवार को की।
मंगलवार को आईपीएल चेयरमैन बृजेश पटेल ने बताया,'आईपीएल 2020, जिसे कोरोनावायरस के कारण स्थगित कर दिया गया था, अब यूएई में आयोजित किया जाएगा। हमने सरकार की अनुमति के लिए आवेदन किया है। हम आगे आईपीएल जनरल काउंसिल में कार्रवाई के बारे में चर्चा करेंगे|
आईपीएल चेयरमैन बृजेश पटेल ने बताया बीसीसीआई ने भारत सरकार को पत्र लिखकर टूर्नामेंट को यूएई में कराने की अनुमति मांगी है|बोर्ड ने साथ ही टीमों के खिलाड़ियों और अधिकारियों की यात्रा के लिए आवश्यक अनुमति भी मांगी है। उन्होंने कहा, “ हमने टूर्नामेंट को यूएई में कराने की सरकार से अनुमति मांगी है। हालांकि तारीखें अभी तय नहीं की गयी हैं और इनका फैसला आईपीएल की संचालन परिषद की अगली बैठक में किया जाएगा जो अगले 7-10 दिनों में होगी।”
हालांकि साथ ही पटेल ने कहा कि टूर्नामेंट को भारत में आयोजित करने का विकल्प अभी खारिज नहीं किया गया है और इस बारे में अंतिम फैसला संचालन परिषद की बैठक में लिया जाएगा। आईपीएल का आयोजन 29 मार्च से होना था लेकिन कोरोना के कारण इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था।