अहमदाबाद: India vs England 3rd Test: भारत-इंग्लैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में भारत ने इंग्लैंड को 10 विकेटों से हरा दिया है| 4 मैचों की सीरीज में 2-1 से बढ़त हासिल कर ली है| अहमदाबाद टेस्ट में टीम इंडिया ने महज दो दिन में ही जीत हासिल कर ली|
भारत को जीत के लिए महज 49 रनों का लक्ष्य मिला था| जिसे भारत ने दूसरे दिन बिना विकेट खोए हासिल कर लिया। इससे पहले 2001 में मोहाली टेस्ट में भारत ने इंग्लैंड को 10 विकेट से मात दी थी| भारत ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अब तक नौवीं बार 10 विकेटों से जीत दर्ज की।इंग्लैंड की पहली पारी 112 रनों पर सिमटने के बाद भारतीय टीम दूसरे दिन महज 145 रनों पर ढेर हो गई|भारत को पहली पारी में 33 रनों की बढ़त मिली|
भारतीय स्पिनर अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन ने दूसरी पारी में कहर बरपाती हुई गेंदबाजी कर इंग्लैंड को सिर्फ 81 रनों पर समेट दिया| अक्षर पटेल ने दूसरी पारी में 5 और अश्विन ने 4 विकेट लिये| एक विकेट वॉशिंगटन सुंदर को मिला| टीम इंडिया ने जीत हासिल कर टेस्ट में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है और उसका वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें और बढ़ गई हैं और इंग्लैंड वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की रेस से बाहर हो गया है|
अहमदाबाद टेस्ट के दूसरे दिन पिच का मिजाज ऐसा बदला कि 3 विकेट पर 99 रन बनाने वाली टीम इंडिया महज 145 रनों पर ही ढेर हो गई| दूसरे दिन का पहला विकेट जैक लीच ने लिया, जिन्होंने अजिंक्य रहाणे को 7 रन पर आउट किया| इसके बाद रोहितशर्मा भी जैक लीच की गेंद पर आउट हो गए| रोहित ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए| रोहित के आउट होते ही इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने अपनी फिरकी से तहलका मचा दिया| जो रूट ने ऋषभ पंत, वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल को 0 पर आउट कर दिया| इसके बाद वो अश्विन का विकेट भी ले उड़े| अंत में जो रूट ने बुमराह को आउट कर अपने पांच विकेट पूरे कर लिये|रूट ने महज 8 रन देकर पांच विकेट झटके|